भिवानी में 25 साल पहले बहुचर्चित गब्बू हत्याकांड में शामिल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भिवानी के पार्क कॉलोनी के समीप जयवीर सिंह उर्फ गब्बू की 1994 में हत्या कर दी थी। इस संबंध में सिटी पुलिस थाना ने 28 जुलाई 1994 में हत्या का केस दर्ज किया था।
मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय भिवानी द्वारा छह आरोपियों को सजा सुनाई गई थी। सजा की अपील पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। जिसमें पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय ने अपील खारिज करते हुए पुन: गिरफ्तारी के आदेश जारी करते हुए सरेंडर करने के आदेश दिए थे, लेकिन आरोपी ने सरेंडर नहीं किया। थाना शहर भिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी दिनोद गेट के मुख्य सिपाही सुशील कुमार ने न्यायालय के आदेशों के तहत कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी देवकरण उर्फ लंबू वासी बुगलाना राजस्थान को गिरफ्तार किया। जांच अधिकारी ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा है।