अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज परमजीत समोता को अर्जुन अवार्ड नहीं मिलने से खफा मुक्केबाज के पिता प्रदीप समोता ने अब दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बुधवार को याचिका दायर की गई है और बृहस्पतिवार को इस पर सुनवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि कॉमनवेल्थ खेल 2010 में मुक्केबाजी के सुपर हेवी वेट में गोल्ड मेडल जीतने वाले मुक्केबाज परमजीत समोता को अर्जुन अवार्ड के लिए नहीं चुना गया।
इससे खफा मुक्केबाज के पिता प्रदीप समोता ने सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात की थी और परमजीत के मेडल वापस करने की भी बात कही थी। प्रधानमंत्री के नाम शिकायत पत्र भी सौंपा था। उपायुक्त ने पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय भेजने का आश्वासन दिया था।
बुधवार को परमजीत के पिता प्रदीप समोता ने दिल्ली हाईकोर्ट में फाइल लगाई। दोपहर बाद करीब चार बजे उनकी फाइल स्वीकार हुई। अब मामले पर बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी।
प्रदीप समोता ने बताया कि समय पर सारे डोक्यूमेंट जमा कराने और परमजीत के नाम 29 मेडल होने के बावजूद अर्जुन अवार्ड नहीं दिया गया। पहले कहा गया कि डोक्यूमेंट लेट मिले मगर दोबारा हुई मीटिंग में भी उसके बेटे का चयन नहीं किया गया।
बेटे की अनदेखी के कारण उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। आज फाइल दायर की है और बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी।