भिवानी। सड़क पर यातायात और लॉकडाउन के नियम तोड़ने वालों और दुकानों में प्रशासन द्वारा जारी हिदायतों का पालन नहीं करने वालों का मंगलवार को कोरोना टेस्ट कराया। प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बाजारों में पहुंचीं और पुलिस के साथ नियम तोड़ने वालों का कोरोना टेस्ट कराया। इस दौरान कई लोग टेस्ट कराने में ना नुकूर भी करते दिखे, मगर पुलिस ने उन लोगों को नियम तोड़ने का अहसास कराकर उनका टेस्ट कराया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को बाजारों में ही लोगों के लिए कोविड-19 टेस्ट कराने के लिए टीम पहुंची। मंगलवार को एसडीएम व डीएसपी की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों का निरीक्षण कर लॉकडाउन पालन का जायजा लिया। कई दुकानों को भी अधिकारियों ने बंद कराया और दुकानदारों को नियमों का ध्यान रखने की नसीहत दी। लेकिन इसके बावजूद भी दुकानदार नहीं माने और टीम के जाते ही दुकानें खोलकर फिर बैठ गए। वहीं शहर के हांसी गेट पर सड़क पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का भी कोरोना टेस्ट कराया। वहीं लॉकडाउन में रोजमर्रा की तरह ही यातायात पुलिस ने भी वाहन चालकों के नियम उल्लंघन पर चालान काटे। जिला प्रशासन ने कोरोना की चेन तोड़ने के लिए बाजारों में भी कोविड टेस्ट के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाया। कई वाहन चालकों के मुंह पर तो मास्क भी नहीं था, ऐसे लोगों का चालान भी पुलिस ने काटा।
दुकानों पर एक से ज्यादा शटर, आड इवन नियम में उलझन
शहर के बाजारों में कई ऐसी दुकानें हैं, जिनमें एक से ज्यादा शटर लगे हुए हैं। ऐसी दुकानों के दुकानदार दो शटर बंद कर एक शटर खोल रहे हैं। जबकि नप अधिकारियों ने भी बिना कुछ देखे आंख मूंद दुकानों के तीन शटरों वाली दुकानों पर आड इवन के नंबर लगा डाले। यही वजह रही कि दुकानों पर नंबर ही गलत लग गए। जिसका व्यापारियों व दुकानदारों द्वारा भी विरोध किया जा रहा है।