भिवानी। कोरोना वायरस अब जानलेवा बनता जा रहा है। मंगलवार को सात कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इनमें तीन महिलाएं थी। मृतकों में चार लोग दूसरे राज्यों, जिलों से हैं, जो फिलहाल भिवानी में थे और यहीं पर उपचार के दौरान मौत हुई। अब तक जिले में 162 कोरोना संक्रमित अपनी जान गवा चुके हैं। सात मौत से जिले में हड़कंप मच गया।
मंगलवार को 163 नए कोरोना संक्रमित भी सामने आए। जिसके बाद कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 7759 तक पहुंच गया है। इनमें से 6676 ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को 109 मरीज ठीक हुए। अब जिले में 921 एक्टिव केस हैं। मंगलवार को 1380 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। वहीं दूसरी ओर बाजारों, सब्जीमंडी, बस स्टैंड पर लोग लापरवाही बरत रहे हैं। अधिकतर के चेहरों पर न मास्क है और न ही सामुदायिक दूरी।
बता दें कि पिछले नौ दिन में 1058 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं। वहीं नौ दिन में 10 कोरोना संक्रमित अपनी जान गवां चुके हैं।
बुखार और खांसी के बाद सेवानिवृत्त फौजी ने तोड़ा दम
लोहानी गांव का आर्मी से सेवानिवृत्त जवान कोरोना से जिंदगी की जंग हार गया। उसे हलका बुखार और खांसी की समस्या हुई थी। जिसके बाद उन्हें 10 अप्रैल को लोहानी के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां एक सप्ताह तक दाखिल रहने के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें सामान्य अस्पताल लेकर गए। जहां कोरोना टेस्ट निगेटिव रहा। हालत खराब होने पर 17 अप्रैल को उन्हें पीजीआई रोहतक ले जाया गया। जहां कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं उपचार के दौरान 18 अप्रैल को उन्होंने दम तोड़ दिया। कोविड-19 सुरक्षा नियमों के अनुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
विकास नगर के बुजुर्ग ने तोड़ा दम
विकास नगर में 61 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति को हलका बुखार और सांस लेने में तकलीफ की समस्या हुई थी। जिसके बाद उन्हें 10 अप्रैल को अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका कोरोना टेस्ट हुआ। 14 अप्रैल को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 20 अप्रैल को हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृत की सब्जीमंडी के पास किराना की दुकान थी।
कृष्णा कॉलोनी की महिला ने तोड़ा दम
कृष्णा कॉलोनी की 66 वर्षीय महिला भी कोरोना से जिंदगी की जंग हार गई। तबीयत खराब होने पर उन्हें 12 अप्रैल की शाम को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और 20 अप्रैल को दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया। कोविड-19 नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
दूसरे जिलों के चार लोगों की भिवानी में हुई मौत
हिसार जिले गांव पातुवाड़ वासी 73 वर्षीय कोरोना संक्रमित की भिवानी में मौत हुई है। वह सामान्य अस्पताल भिवानी में उपचाराधीन था। इनके अलावा ओडिसा में रहने वाली 48 वर्षीय महिला जो अपने भाई से मिलने भिवानी आई थी। यहां उनका घर है। यहां उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई और पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। बड़सी जाटान वासी 68 वर्षीय बुजुर्ग ने शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह गुरुग्राम में रहता था। वहीं द्वारका सेक्टर 14 वासी महिला ने भी शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दिल्ली में लॉकडाउन से बिगड़ी व्यवस्थाएं
दिल्ली में लॉकडाउन का असर सभी व्यवस्थाओं पर रहा। रोडवेज की बसें बहादुरगढ़ से वापस लौट आई। वहीं व्यापारी भी कच्चा माल लाने और तैयार माल सप्लाई करने को लेकर चिंतित है। बाजारों में दुकानदार भी चिंतित है। एक ओर शादी सीजन चल रहा है और लोगों की खरीदारी चरम पर है, वहीं कोरोना वायरस का संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है। दिल्ली में लॉकडाउन के कारण अब कपड़े, साड़ियां आदि माल की सप्लाई रुक गई है। जिस कारण दुकानदार चिंतित है।
वर्जन::
कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। ऐसे में लोग सावधानी रखें और कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। सुरक्षा नियमों के पालने से ही बचाव संभव है। यदि किसी में कोई लक्षण नजर आए तो अपनी जांच करवाएं।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन