मांगों को लेकर नारेबाजी करते डीसी कॉलोनी निवासी।
भिवानी। डीसी कॉलोनी के वार्ड नंबर 30 और 31 के निवासी पिछले कई वर्षों से पेयजल संकट और दूषित पानी की समस्या से परेशान हैं। कॉलोनी को पानी सप्लाई करने वाला बूस्टर अब गंदगी और बीमारियों का अड्डा बन चुका है जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
समस्या के समाधान की मांग के लिए सोमवार को कॉलोनीवासी लघु सचिवालय पहुंचे और समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। वार्डवासी रिटायर्ड सूबेदार सतबीर सिंह यादव, रिटायर्ड मैनेजर रामकुमार, किसान नेता गंगाराम श्योराण, राजपाल, जिले सिंह और महिपाल ने बताया कि बूस्टर की सफाई पिछले 20 सालों से नहीं की गई है। टैंक के अंदर कागज, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कूड़ा-कर्कट पड़ा है। पानी के नीचे गाद और मिट्टी की मोटी परत जमा हो चुकी है जिससे सप्लाई पूरी तरह दूषित हो गई है। बूस्टर के होद का ढक्कन भी टूटा हुआ है जिससे बाहरी गंदगी और कीट आसानी से अंदर पहुंच जाते हैं।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि यह दूषित पानी पीने से वे लगातार बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ बूस्टर तक सीमित नहीं है। पानी की सप्लाई के लिए लगी वाल्वें भी खराब स्थिति में हैं। ये वाल्व जमीन से करीब तीन फीट नीचे गड्ढे में लगी हैं और लगातार लीक कर रही हैं। गड्ढे में तीन फीट तक गंदा पानी भरा रहता है, जिसमें कीड़े-मकौड़े तैरते हुए साफ दिखाई देते हैं। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से बूस्टर और वाल्व सिस्टम की तुरंत सफाई, मरम्मत और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।