बवानीखेड़ा में गली निर्माण न होने को लेकर रोष व गली के हालात दिखाते लोग।
बवानीखेड़ा। शहीद गुलाब सिंह पार्क के सामने स्थित भीखूराम कॉलोनी की गली का निर्माण करीब दस साल से अधूरा पड़ा है जिससे स्थानीय लोगों में रोष है। बदहाल रास्ते के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है वहीं लोगों ने प्रशासन से जल्द गली बनवाने की मांग की है। उन्होंने भावुक होकर कहा, ''कोए तो म्हारी गली बणवा दयो।''
क्षेत्रवासियों ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे। स्थानीय निवासी रामकुमार कौशिक, चुन्नीलाल, हरकेश, रविंद्र, प्रह्लाद, भूषण, धनी, मुनी, कमलेश और संतोष ने बताया कि गली से जुड़े एक ही परिवार के 100 से अधिक लोगों का रोजाना आवागमन होता है। रास्ते की हालत खराब होने से हर समय चोटिल होने का डर बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को यहां से निकलते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। लोगों ने बताया कि गली निर्माण की मांग को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की जा चुकी है।
लोगों के अनुसार तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में गली निर्माण और पेयजल पाइपलाइन की समस्या को लेकर शिकायत दी गई थी। इसके बाद पेयजल पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन गली का निर्माण नहीं हो पाया। पिछले दस वर्षों में दर्जनों बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि कभी बजट तो कभी अन्य कारण बताकर निर्माण कार्य टाल दिया जाता है।
मुख्यमंत्री से मिलकर रखेंगे समस्या
स्थानीय लोगों ने कहा कि शहर में विकास कार्यों की बातें होती हैं लेकिन उनकी गली की समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। रास्ते की बदहाल स्थिति के कारण रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी होती है और बच्चों के फिसलने तथा बुजुर्गों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द गली का निर्माण करवाने की मांग की। लोगों ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखेंगे।