भिवानी। डॉबर कॉलोनी स्थित जलघर के टैंकों की सफाई की मांग को लेकर रविवार को नगरपरिषद के पार्षदों ने प्रदर्शन किया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ करीब एक घंटे तक नारेबाजी के बाद अधिकारियों ने तीन माह में टैंकों की सफाई करवाने का भरोसा दिलाया।
सुबह 10 बजे पार्षद सुभाष तंवर और संदीप यादव की अगुवाई में कई पार्षद जलघर परिसर पहुंचे और शहरवासियों के साथ सांकेतिक धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर टैंकों की सफाई जल्द शुरू करवाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि जलघर के निर्माण के बाद से अब तक टैंकों की सफाई नहीं हुई है। इनमें पांच से छह फुट तक गाद जमा होने से पानी की भंडारण क्षमता घट गई है।
उन्होंने कहा कि टैंकों की सफाई नहीं होने के कारण गर्मियों में शहरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। यदि समय पर सफाई करवाई जाए तो गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से राहत मिल सकती है। पार्षदों ने बताया कि इस संबंध में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक सफाई का काम शुरू नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी का इंतजार
प्रदर्शन के बाद जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता ताजदीन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जलघर के टैंकों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिलते ही सफाई का काम शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने तीन माह के भीतर टैंकों की सफाई करवाने का भरोसा दिलाया। वहीं पार्षद सुभाष तंवर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो नगरपरिषद के अन्य पार्षदों और शहरवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह, वाइस चेयरपर्सन प्रतिनिधि संदीप तंवर, पार्षद बिल्लू बादशाह, अनिल मास्टर, मोनू, पवन सैनी, मदन एमसी, अनिल पार्षद प्रतिनिधि, विनोद, महाबीर देवसरिया, रोहतास वर्मा, कृष्ण सिंह, राजेंद्र छपारिया, धनपत ठेकेदार, महेंद्र सिंह, डॉ. झींगा और सुरेंद्र राणा मौजूद रहे।