अनाज मंडी में बाजरे की खरीद का जायजा लेते कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी।
भिवानी। बाजरा और मूंग की बंद पड़ी सरकारी खरीद को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को नई अनाज मंडी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने किया। कांग्रेस ने सरकार से तत्काल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इन फसलों की खरीद शुरू करने की मांग की और खरीद में देरी व तकनीकी बहानेबाजी को लेकर तीखे हमले किए।
प्रदर्शन के दौरान प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि सरकार चुनावों से पहले किसानों से एमएसपी पर अनाज खरीदने का बड़ा वादा करती है लेकिन जब फसल तैयार होकर मंडी में आती है तो खरीद के लिए नए-नए यंत्र और खरीद एजेंसियों के नए पैमाने लागू कर दिए जाते हैं। जोगी ने बाजरा खरीद के लिए मंडी कमेटी के दफ्तर में लाए गए कथित नए यंत्र का विशेष रूप से जिक्र किया।
उन्होंने सरकार की भावांतर भरपाई योजना पर भी गंभीर सवाल उठाए। जोगी ने कहा कि इस योजना का बहाना बनाकर सरकार स्वयं खरीद नहीं कर रही है जिससे किसान मजबूरन अपनी फसल कम दामों पर निजी व्यापारियों को बेचने को मजबूर है। उन्होंने बताया कि पहले बाजरा का भावांतर 625 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे घटाकर 575 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा बाजरे के भाव में 50 रुपये की कटौती करके इसे 2150 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इस अवसर पर अजय हालुवासिया, अजय धनाना, तोला राम, राजेश बडाला, रवि सोलंकी आदि मौजूद रहे।