भिवानी शादी में शिरकत करने पहुंची सिरसा से लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा।
भिवानी। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने किरण, कुलदीप, हुड्डा व उदयभान को लेकर चुप्पी साधी पर हरियाणा सरकार व भाजपा पर हमलावर रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की भूख में भाजपा लोकतंत्र को भूल चुकी है। सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी वीरवार को भिवानी पहुंची। वो यहां अपने कई समर्थकों के शादी समारोह व चाय पानी पर पहुंची थी। इस दौरान सांसद कुमारी सैलजा का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
सांसद कुमारी सैलजा ने सबसे पहले महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस की जीत का दावा कर भाजपा पर लोकतंत्र मिटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा किस प्रकार कुछ सालों से महाराष्ट्र में पार्टी तोड़ती रही और अब सीनियर नेता खुलेआम पैसे बांटते पकड़े गए। वहीं हरियाणा में कांग्रेस की हार के बाद ईवीएम को लेकर कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दी पर सबको पता है कि चुनाव आयोग का रुख क्या रहा।
वहीं हरियाणा में हार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष उदय भान द्वारा प्रभारी दीपक बावरिया को दोषी बताने पर दबी जुबान में सहमति जताई। सैलजा ने कहा कि उदय भान कुछ बोले हैं तो सोच कर ही बोले होंगे। वहीं खुद प्रचार में न आने व बाप-बेटे (हुड्डा) को हार के लिए जिम्मेदार होने के सवाल पर कहा कि हार के कई कारण रहे। हाईकमान विश्लेषण कर रही है। कई राज्यों में चुनावों के कारण विश्लेषण में देरी हो रही है। साथ ही कहा कि हरियाणा में हार से हम, हमारे कार्यकर्ता तथा जनता भी हैरान है।
सैलजा ने हरियाणा चुनावों में नाराजगी के समय किरण चौधरी द्वारा उनको भाजपा में लाने के प्रयासों के सवाल पर हंस कर कहा कि मेरा परिवार कांग्रेस है और मैं कांग्रेस को छोड़कर कभी भी कहीं जाने वाली नहीं। वहीं कुलदीप बिश्नोई को मनाकर कांग्रेस में लाने व एसआरके गुट फिर से बनाने की चर्चाओं पर भी हंस कर कहा कि कुलदीप बिश्नोई को लेकर मेरे पास कोई जानकारी नहीं।
इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष को लेकर भी फैसला हाईकमान पर छोड़ा और अशोक अरोड़ा के नेता प्रतिपक्ष बनने की चर्चाओं पर हैरानी जताई। साथ ही अस्सी वर्ग में वर्गीकरण को लेकर कहा कि सभी को न्याय मिलना चाहिए। वर्गीकरण से न्याय मिलेगा या नहीं, ये आने वाले समय में पता चलेगा।