नागरिक अस्पताल की ओपीडी में पर्ची बनवाते मरीज।
भिवानी। अब मरीज एक ही पर्ची पर सभी चिकित्सकों की ओपीडी में अपना चेकअप करा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है। वहीं एक ही पर्ची से चिकित्सक परामर्श मिलने पर मरीज को अतिरिक्त खर्च भी नहीं उठाना पड़ेगा।
दरअसल, जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीज को पांच रुपये की ओपीडी पर्ची कटानी पड़ती है। अगर वह दूसरे चिकित्सक से भी परामर्श लेना चाहता है तो उसके लिए उसे अलग से ओपीडी पर्ची कटानी होती है। जबकि बीपीएल श्रेणी के मरीजों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब 1300 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इसके लिए अस्पताल में सुबह से ही ओपीडी पर्ची कटाने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग जाती हैं। ओपीडी पर्ची कटाने के बाद ही मरीज संबंधित चिकित्सक कक्ष में अपनी पर्ची दाखिल कराता है ताकि वह अपना चेकअप करा सके।
ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने और एक ही मरीज को एक से अधिक चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए अब अलग से ओपीडी पर्ची कटाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि उसे एक ही ओपीडी पर्ची पर एक से अधिक चिकित्सकों का परामर्श और दवाइयां भी मिल जाएंगी।
लोहारू और भिवानी में मिले डेंगू के दो नए पॉजिटिव, 112 डेंगू पॉजिटिव हुए
बुधवार को लोहारू और भिवानी में डेंगू के दो नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसी के साथ जिले में अब तक डेंगू के 112 पॉजिटिव केस हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग भी डेंगू की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ग्रामीण और शहरी दायरे में डेंगू के केस अब भी मिलने से लोगों में भी भय बना है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ग्राम पंचायतें भी अपने इलाके में फॉगिंग करा रही हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में मरीज को एक ही ओपीडी पर्ची पर एक से अधिक चिकित्सकों का परामर्श और दवाइयां भी मिलेंगी। इसकी व्यवस्था विभाग की तरफ से की गई है। इसके अलावा कोई भी मरीज अपना किसी भी चिकित्सक से चेकअप कराने के साथ टेस्ट कराना चाहता है तो वे भी मुफ्त किए जाएंगे।
- डॉ. बलवान सिंह, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।