इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान ने कहा कि कांग्रेस ने अपने अहंकार में देश का नाश किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को साथ लेकर चलती तो दो फीसदी वोटों के अंतर से न हारती।
इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान भिवानी की जाट धर्मशाला में जिला कार्यकारिणी की घोषणा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इनेलो दूसरी पार्टियों की तरह दिल्ली या चंडीगढ़ से पदाधिकारियों की घोषणा नहीं करती, बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर उनकी सहमति से पदाधिकारियों की घोषणा करती है। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर से इनेलो की दूसरे चरण की यात्रा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में क्षेत्रीय दलों को 19.5 फीसदी वोट मिले, जबकि कांग्रेस वहां महज दो फीसदी वोटों के अंतर से हारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को साथ लेकर चलती तो वो दो फीसदी वोटों के अंतर से न हारती।
लोहान ने कहा कि पहले दूसरे दल कांग्रेस से इंडिया गठबंधन की बैठक करने की अपील करते थे और अब करारी हार के बाद औंधे मुंह गिरी कांग्रेस खुद छह तारीख को बैठक बुला रही है। उमेद लोहान ने लोकसभा के साथ विधानसभा चुनावों होने की संभावना को नकारते हुए कहा कि ये संभव नहीं। क्योंकि लोगों में केंद्र सरकार से दो गुणा गुस्सा हरियाणा सरकार के प्रति है। ऐसे में हरियाणा के सीएम चाहें तो भी केंद्र साथ में चुनाव नहीं करवाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि अब इनेलो गठबंधन को लेकर किसी के दरवाजे पर नहीं जाएगी। उन्होंने इशारों ही इशारों में पूर्व सीएम का नाम लिए बिना कहा कि लोग अब समझ चुके हैं कि कौन इनेलो व कांग्रेस का गठबंधन नहीं चाहता और कौन परदे के पीछे बीजेपी को फायदा पहुंचा रहा है। यही नहीं, लोहान ने राजस्थान में हार के बाद जेजेपी पर टिप्पणी करना भी उचित नहीं समझा। संवाद