भिवानी। उपायुक्त महावीर कौशिक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल शक्ति अभियान और अटल भूजल योजना के टारगेट को निर्धारित समयावधि में पूरा करें। इसके साथ-साथ जो कार्य विभागों की ओर से किए गए हैं, उनको संबंधित पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने विभाग के निर्देशानुसार नए टारगेट की रिपोर्ट भी तुरंत प्रभाव से तैयार करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त महावीर कौशिक मंगलवार को लघु सचिवालय के डीआरडीए हाल में जल शक्ति योजना और अटल भूजल योजना की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में एक-एक कर बारीकी से जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग को उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों के बारे में अच्छी प्रकार से जानकारी होनी जरूरी है ताकि उसे धरातल पर सही तरीके से अमलीजामा पहनाया जा सके। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि इन योजनाओं में सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, बागवानी विभाग, कृषि विभाग, शहर स्थानीय निकाय विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग विभाग प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके द्वार बारिश के पानी का संचय करना और भूजल स्तर को सुधारने के लिए कार्य करना है।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि भूजल बचाने के लिए फसलों में ड्रिप एवं फव्वारा सिस्टम अपनाया जाता है ताकि पानी की बर्बादी ना हो। किसानों को कंपनी की ओर से ड्रिप से फसलों में सिंचाई बारे जागरूक किया जाता है व इसके रखरखाव बारे जानकारी दी जाती है। इसी प्रकार से बारिश के पानी का संचय किया जाता है।
ग्राउंड वाटर रिचार्ज के सभी उपायों को शामिल किया गया है। बारिश के पानी का संचय करने के लिए रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाया जाता है। शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण भी इसमें शामिल हैं।
उन्होंने अटल भूजल योजना और जल शक्ति अभियान से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे उनके द्वारा जल संचय और भूजल सुधारने को लेकर किए जाने वाले कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करें इसके साथ ही उनका संबंध पोर्टल पर जरूर अपलोड करें। सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि पानी की बर्बादी न हो।
बारिश की एक-एक बूंद को बचाएं, उसका संचय करें, प्राकृतिक पानी के स्रोत का जीर्णोद्धार करें। अधिक से अधिक पौधरोपण करें। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय चोपड़ा, जिला वन मंडल अधिकारी डॉ. राजेश वत्स, डीडीपीओ आशीष मान, बीडीपीओ सोमवीर कादयान, डॉ. वीरेंद्र फोगाट सहित सिंचाई विभाग जन स्वास्थ्य विभाग बागवानी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।