एक व्यक्ति को कोरियर की डिलीवरी नहीं मिलने पर उसने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शिकायत निवारण होना तो दूर, उसी के बैंक खाता से 79800 रुपये की नकदी भी धोखाधड़ी से निकाली गई। मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना में दी है। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
गांव प्रेमनगर पावर हाउस की रिहायशी कॉलोनी वासी राजीव कुमार ने बताया कि उसका गाजियाबाद से एक कोरियर आना था। उसने अपने कोरियर की जानकारी वेबसाइट पर चेक की तो पता चला कि नौ जुलाई को कोरियर डिलीवर दिखा दिया, जबकि कोरियर उसे मिला ही नहीं। उसने शिकायत दर्ज कराने के लिए फोन मिलाया तो उस पर बोलने वाले ने कहा कि एक फार्म भरना पड़ेगा, जिसके पांच रुपये कटेंगे। इस पर उसने एक लिंक भेजा, जिस पर फार्म भी दर्शाया गया था। उसने फार्म भर दिया और खाते से ऑनलाइन पांच रुपये की पेमेंट भी कर दी। लेकिन इसके बाद उसके पास एक दूसरा फोन आया, जिस पर उसे बताया गया कि उसके खाते से पैसे कट रहे हैं। इस पर उसने अपना कार्ड और फिर खाता भी ब्लॉक करा दिया था। उसने बैंक शाखा पहुंचकर जांच की तो उसके एक बैंक खाता से दो बार कर 50 हजार रुपये की नकदी निकाली गई। जबकि दूसरे बैंक खाता से 24999 व 4800 रुपये की राशि धोखाधड़ी से निकाली गई। मामले की शिकायत सदर पुलिस थाना में दी। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।