हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सराहनीय फैसला लिया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह व सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (नियमित/स्वयंपाठी) वार्षिक परीक्षा में जिन परीक्षार्थियों का कंपार्टमेंट आएगा वे आगामी लगातार तीन अवसरों जुलाई, सितंबर तथा अगले वर्ष मार्च में कंपार्टमेंट की परीक्षा में शामिल हो पाएंगे। इससे परीक्षार्थी को एक ही वर्ष में कंपार्टमेंट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के तीन अवसर मिलेंगे। जिससे सेकेंडरी परीक्षा तीसरे अवसर में भी कंपार्टमेंट उत्तीर्ण करने पर कक्षा ग्यारहवीं में प्रवेश का पात्र होगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि मार्च की परीक्षा में कंपार्टमेंट अर्जित करने वाले परीक्षार्थी यदि जुलाई-2020 में कंपार्टमेंट की परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं तो ऐसे परीक्षार्थियों को आगामी लगातार दो सत्रों (सितंबर एवं मार्च माह) में आयोजित की जाने वाली आंशिक अंक सुधार (एक से चार विषयों तक)/ पूर्ण विषय अंक सुधार की परीक्षा में प्रविष्ट करवाने बारे भी निर्णय लिया गया है। सितंबर एवं मार्च माह में कंपार्टमेंट/आंशिक अंक सुधार/पूर्ण विषय अंक सुधार/अतिरिक्त विषय/पूर्ण विषय (स्वयंपाठी) की परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी सितंबर माह में कंपार्टमेंट की परीक्षा उत्तीर्ण करेगा वह आगामी वार्षिक परीक्षा में आंशिक अंक सुधार/पूर्ण विषय अंक सुधार में से किसी एक परीक्षा में शामिल हो सकता है। तीन मार्च से प्रारंभ होने वाली परीक्षाओं में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा से 30 मिनट पूर्व पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। सभी नियमित परीक्षार्थी विद्यालय वर्दी में विद्यालय आईडी कार्ड/मूल आधार कार्ड एवं स्वयंपाठी परीक्षार्थी मूल आधार कार्ड सहित परीक्षा केंद्र पर आएंगे।
यदि किसी दिव्यांग परीक्षार्थी को लेखक की सुविधा लेनी है तो परीक्षा आरंभ होने से पूर्व बोर्ड कार्यालय में संबंधित दस्तावेज लेकर लेखक के लिए अनुमति पत्र लें। बोर्ड की अनुमति पत्र के बिना लेखक मान्य नहीं होगा। राजीव प्रसाद ने परीक्षार्थियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रवेश-पत्र पर किसी भी प्रकार की लेमिनेशन न करवाई जाए क्योंकि प्रवेश-पत्र पर प्रतिदिन पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर तथा उनकी उपस्थिति में परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर भी होने अनिवार्य हैं।
बोर्ड सचिव ने बताया कि सभी विद्यालय मुखिया विद्यालय की लॉगिन आईडी पर अपलोड किए गए आवश्यक दिशा-निर्देशों को पढ़ते हुए उनका पालन करने का प्रमाण-पत्र देते हुए प्रवेश-पत्र डाउनलोड करें। विद्यालय मुखिया/स्वयंपाठी परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 साइज पेपर पर ही निकालना सुनिश्चित करे। प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट लेने उपरांत विवरण भलीभांति जांच लें। यदि विवरणों में कोई त्रुटि है तो तुरंत बोर्ड कार्यालय में संशोधन करवा लें।
परीक्षा समाप्ति उपरांत फोटो, हस्ताक्षर संबंधी त्रुटि ठीक नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रवेश-पत्र सभी विद्यालय मुखिया बोर्ड वेबसाइट पर यूजर आईडी व पासवर्ड से लॉगिन करते हुए उनके विद्यालय में अध्ययनरत परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त स्वयंपाठी (कंपार्टमेंट, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं स्वयंपाठी पूर्ण विषय) परीक्षार्थी भी अपना प्रवेश-पत्र बोर्ड वेबसाइट पर दिए गए लिंक से पिछले अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम भरते हुए डाउनलोड कर सकते हैं।