शहर के व्यस्त चौक जैन चौक में कचौरी की दुकान चलाने वाले युवक पर पांच-छह युवकों ने भरे बाजार चाकू से हमला कर दिया। करीब सात वार चाकू से किए गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवक को छुड़वाया और दो युवकों को दबोचा। घायल को गंभीर हालत में उपचार के लिए सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना सोमवार सायं करीब पौने सात बजे बावड़ी गेट पर बने सर्विस स्टेशन के पास की है। तेलीवाड़ा वासी 32 वर्ष दीपक उर्फ दीपू बावड़ी गेट से अपने घर स्कूटी से लौट रहा था। रास्ते में दो बाइकों से आए पांच-छह युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। टांग, जांघ, कमर, पेट के बगल वाले हिस्से में चाकू से वार किए। करीब सात वार किए गए। चाकू के वार से टांग की हड्डी भी टूट गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो पुलिस कर्मियों और एक होमगार्ड ने यह देखा तो बचाने दौड़ पडे़। आसपास के कुछ लोग भी दीपक को छुड़वाने पहुंचे। छुड़वाने के दौरान भी हमलावर वार करते रहे। बाद में बाइक उठाकर भाग निकले। पुलिस व आसपास के लोगों ने दो युवकों को दबोच लिया। गंभीर हालत में युवक को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
सूचना पर खासी संख्या में परिजन व रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। सूचना पर शहर थाना प्रभारी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। घायल दो भाइयों में बड़ा है और अपने छोटे भाई के साथ जैन चौक में रूपा कचौरी की दुकान चलाता है और प्रॉपर्टी डीलिंग भी करता है। घायल शादीशुदा है और एक लड़का है।
दो की छित्तर परेड
पुलिस के अनुसार अगर पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते तो हमलावर दीपक की हत्या कर देते। बाद में पुलिस ने पकडे़ गए दोनाें युवकों की जैन चौक चौकी के पास अच्छी छित्तर परेड की। परिजनाें का कहना है कि आरोपी उनके मुहल्ले के ही हैं और आपराधिक किस्म के लोग है।
दो दफा पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत भी दे चुके हैं। 28 मई को भी दीपक के साथ उनका झगड़ा हुआ था। इसके अलावा 30 मई को भी पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत दी थी। परिजनों ने बताया कि वे दीपक से रुपये ऐंठना चाहते है और इसी कारण हमला किया है।