लोहारू/बहल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को खरकड़ी में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय का शुभारंभ कर लोहारू क्षेत्र को एक बड़ी सौगात देंगे। इसी दिन बहल क्षेत्र के लोगों को भी सीएम दो बड़ी परियोजनाएं देंगे। सीएम मनोहर लाल बहल में बनने वाले हरियाणा पशु विज्ञान केंद्र की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा बहल क्षेत्र के किसानों के लिए नहरी पानी की सौगात देते हुए सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर का नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
बहल में बनने वाले हरियाणा पशु विज्ञान केन्द्र से क्षेत्र के पशुपालकों के लिए बहुत बड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश में अपनी तरह के इस दूसरे संस्थान में पशुपालकों को उच्च तकनीक की सुविधाएं मिलेगी। पशु चिकित्सा विज्ञान केन्द्र में जहां पशुओं की अनेक तरह बीमारी का इलाज संभव हो सकेगा। वहीं पशुपालकों को गंभीर बीमारियों के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की री मॉडलिंग होने से क्षेत्र के किसानों का लंबे अरसे से नहरी पानी मिलने का इंतजार खत्म हो जाएगा। इस नहर से क्षेत्र की करीब 17,000 एकड़ भूमि सिंचित हो सकेगी। इसके अलावा इस नहर से निकलने वाली अन्य नहरों को शामिल किया जाए तो करीब 24,558 एकड़ भूमि को सिंचित किया जा सकेगा।
प्रदेश में दूसरा बड़ा संस्थान होगा बहल का पशु विज्ञान केंद्र
कृषि मंत्री जेपी दलाल के प्रयासों से बहल क्षेत्र के पशुपालकों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात होगी, जिसमें पशुओं के इलाज के लिए इतने बड़े संस्थान की सुविधा होगी। हिसार के लाला लाजपतराय यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरीनरी एंड एनिमल साइंसिज द्वारा बनाए जा रहे इस हरियाणा पशु विज्ञान केंद्र बहल का निर्माण करीब नौ एकड़ भूमि में किया जाएगा। इस केंद्र पर करीब 9 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह दो वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा। इस संस्थान में पशुओं की चिकित्सा के लिए एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, अस्पताल, ट्रेनिंग सेंटर जैसी अन्य सुविधाओं का लाभ होगा। केंद्र बनने से बहल, सिवानी, लोहारू के अलावा तोशाम और बाढड़ा क्षेत्र के पशुपालकों को पशुओं की गंभीर बीमारी के लिए हिसार जैसे दूर दराज शहर में नहीं जाना पड़ेगा।
करीब 35 करोड़ रुपये से बनेगी सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी
बहल क्षेत्र के किसानों के लिए जीवन रेखा समझी जाने वाली इस नहर के नवीनीकरण से नहरी पानी मिलने का सपना पूरा हो जाएगा। इस नहर की री मॉडलिंग पर करीब 35 करोड़ रुपये की लागत आएगी। री मॉडलिंग का कार्य सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की बुर्जी नंबर आरडी 0 से 16000 (ऑफ टेकिंग चैनल)से आरडी 97050 (लोहारू कैनाल) तक किया जाएगा जिसकी लंबाई करीब 1,60,000 फीट तक होगी। नहर करीब 15 महीने में दिसंबर 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगी।
नहर से इन गांवों को होगा फायदा
सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी नहर की री मॉडलिंग से बेरला, जेवली, हंसावास, बाढड़ा, काहरी दास, भांडवा, कारी धारनी, कारी रूपा, गोविंदपुर, किष्कंधा, खोरड़ा, बसीरवास, झुंपा खुर्द, झुंपा कलां, सिंघानी, खरखड़ी, पहाड़ी, नकीपुर, बुढ़ेड़ी, नांगल, पाजू, चैहड़ खुर्द, सिरसी, सहजमानपुर, सोरड़ा, पातवान, सुधीवास, बहल, गिगनाऊ सहित बहल, लोहारू, बाढड़ा व चरखी दादरी क्षेत्र के किसानों को फायदा होगा।
------------
लोहारू क्षेत्र अभी तक विकास के मामले में हमेशा पिछड़ा रहा है। इस वजह से यहां बड़ी परियोजनाओं के क्रियांवन की जरूरत थी। 21 अगस्त को प्रदेश के सीएम लोहारू के खरकड़ी गांव में बागवानी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे जो क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। वहीं बहल में बनने वाले हरियाणा पशु विज्ञान केन्द्र से लोहारू क्षेत्र के पशुपालकों के लिए सुविधा होगी। सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी की री मॉडलिंग से बहल, लोहारू सहित पड़ोसी हलकों के किसानों को नहरी पानी की सुविधा होगी।
- जयप्रकाश दलाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, हरियाणा।