मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि निश्चित तौर पर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनने जा रही है लेकिन बिना तोशाम के बिना मजा नहीं आएगा। तोशाम की सीट आएगी तभी मजा आएगा। इसलिए 21 तारीख को इस तरह कमल के निशान पर वोटिंग कर दो कि मशीन भी घबरा जाए। मुख्यमंत्री शनिवार देर शाम मुख्य चौक में भाजपा प्रत्याशी शशि रंजन परमार द्वारा आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से बंसीलाल परिवार, गांधी परिवार व कांग्रेस पर जमकर तीर चलाए।
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए किरण चौधरी पर कहा कि कई बार मंत्री रह चुकी हैं। कर्ज था वो उतार दिया ईब घबराओ ना खुलकर बीजेपी को वोट दो। हो लिया जो होना था, अब कांग्रेस का घर खाली हो लिया। सरकार बीजेपी की बनेगी और तोशाम से विधायक सरकार का न बने ये ठीक नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बंसीलाल की कद्र करता हूं लेकिन जरूरी नहीं कि बाप हो वैसी ही संतान भी हो। पहले होता था कि राजा का बेटा ही राजा बनता था लेकिन लोकतंत्र में जिसे जनता चाहेगी वही गद्दी पर बैठेगा। सीएम ने कहा कि बंसीलाल बातों के पक्के थे, दृढ़ निश्चयी थे, जो भी ठान लेते थे वो करते थे चाहे गलत हो या सही। बंसीलाल ने एक बार कहा था कि सड़क का मोड़ और मास्टर की मरोड़ छोडूं कौनी। उन्होंने अध्यापकों को कोसों दूर भेज दिया था। जब तक मास्टर का मन शांत नहीं होगा तब तक बच्चों को पढ़ा नहीं पाएगा। हमारी सरकार ने अध्यापकों को उनकी मर्जी के मुताबिक तबादले किए, जिससे आज अध्यापक का मन शांत है। तोशाम के लिए आपके सांसद हमारे पास चिठ्ठा लेकर आते थे, हमने तोशाम में भी खूब काम करवाए। पहले नालियां बन गई थी लेकिन टेल तक पानी अब पहुंचा है। इस चुनाव के बाद जमुना का पानी आपको मिलने लगेगा। आज होनहार बिना खर्ची-पर्ची के नौकरियां पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में दलाल एवं बिचौलिये, सरकारी काम करवाते थे। बीजेपी की सरकार ने सफेद पायजामे वाले दलालों एवं बिचौलियों के कुर्ते खूंटी में टंगवा दिए। सीएम ने लोगों से एक बार फिर सेवा का मौका देने की अपील की। सीएम ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर कहा कि कांग्रेस ने लगता है पुराना घोषणा पत्र उठा लिया है। इनके घोषणा पत्र में किए वादे पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। सीएम ने एक-एक वादे का उदाहरण देते हुए बताया कि ये सब कार्य हो चुके हैं।
कांग्रेस डूबता जहाज, जो बैठेगा डूब जाएगा : कांग्रेस एक डूबता जहाज है जो इसमें बैठेगा, डूब जाएगा। सीएम ने गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया। जिसे लोग प्यार से पप्पू कहते हैं। बात आई कि अध्यक्ष गांधी परिवार से बाहर का हो। अच्छी बात थी, बाहर का बनना भी चाहिए। लेकिन कांग्रेस वाले तीन महीने तक अध्यक्ष ढूंढते रहे लेकिन आखिरकार खोदा पहाड़ निकली चुहिया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपना और अपने परिवार के घर भरे। परिवारवाद को बढ़ावा दिया। लठमार, दबंगई कांग्रेस में चली। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को ही मंच पर लठ मारे। और अब इस्तीफा देने के बाद कह रहे हैं कि 6.6 करोड़ में टिकटें बेची गई हैं। ऐसे में जनता कांग्रेस पर कैसे विश्वास करेगी।
लोकसभा चुनाव में ऐसे खराब माटी का हारने वाले को भी अंदाजा नहीं था : धर्मबीर
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि एमपी चुनाव के समय जीतने वाले प्रत्याशियों को इतनी बड़ी जीत का अंदाजा नहीं था वहीं हारने वालों को भी अंदाजा नहीं था कि ऐसी खराब माटी होगी। उन्होंने धारा 370 को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की और कहा कि इसका असर प्रदेश पर भी पड़ेगा। क्योंकि जम्मू में प्रदेश के अनेकों सैनिक शहीद होते रहे हैं। अब हालात बदलेंगे। सांसद ने कहा कि पहले सिफारिशों से काम होते थे अब नया देश व नया प्रदेश बन रहा है। सांसद ने भी बिना नाम लिए किरण चौधरी पर निशाना साधा और कहा कि इस परिवार का आखिरी वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि शशि रंजन परमार को भारी बहुमत से जिताएं। ये हलके की सेवा में कसर नहीं छोडे़ंगे। एक-एक वोट के लिए ताकत लगा दें।
भाजपा प्रत्याशी शशि रंजन परमार ने कहा कि एक बार मौका देकर देखें, सेवक बनकर काम करूंगा। प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। ऐसा मुख्यमंत्री पहले कभी नहीं बना जिसने इस तरह से रोजगार व विकास करवाने का काम किया हो। उन्होंने खानक पहाड़ को लेकर भी रोजगार उपलब्ध करवाने का वादा किया। भाजपा प्रत्याशी ने भी किरण चौधरी पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि मोटी कलम लाने की बात करने वालों को छोटी कलम के भी लाले पड़े हुए हैं।