मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हांसी रोड ओवरब्रिज, पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान और सामुदायिक केंद्र, जिमखाना क्लब के रूप में 37 करोड़ की सौगात शहरवासियों को दी।
साथ ही एक खुशखबरी भी दी कि मेडिकल और यूनिवर्सिटी के निर्माण का जमीनी विवाद निपट गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। बदहाल सड़कों पर उन्होंने कहा कि जल्द ही योजनाएं पूरी होंगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार शाम 4:30 बजे भिवानी पहुंचे। रेस्ट हाउस जाने की बजाय सीधे ही हांसी रोड पर विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे।
25 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भिवानी से हांसी, हिसार, सिरसा जाने वालों को काफी फायदा होगा। उन्होंने रेलवे स्टेशन के समीप 8.63 करोड़ रुपये की लागत से बने क्षेेत्रीय पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान और सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया। साथ ही सेक्टर 13 के सामने साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जिमखाना क्लब का शिलान्यास किया।
भ्रष्टाचार किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है। किसी भी क्षेत्र और विभाग में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी मंत्री, विधायकों, जनप्रतिनिधियों को छापामारी की छूट है। भिवानी मेडिकल कॉलेज के लटके प्रोजेक्ट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जमीनी विवाद था, जो अब निपट गया है। जल्द ही काम शुरू होगा। घोषणाओं के बावजूद सड़कों की खस्ताहाल पर उन्होंने कहा कि सभी प्रोजेक्टों, घोषणाओं को सिरे चढ़ाया जा रहा है। जल्द ही सड़कों की योजना भी पूरी होगी।
इस मौके पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री घनश्यामदास सर्राफ, सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक विशंभर वाल्मीकि, विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी, नृपेंद्र श्योराण, संदीप जोशी, सोमबीर सांगवान, शंकर धूपड़, रितिक वधवा, ओमप्रकाश मान आदि मौजूद रहे।
तीन जगह पी चाय, एक जगह जताया शोक
सरकारी कार्यक्रमों के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष ऋषि प्रकाश शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश गौड़ के घर पहुंचे। तीनों ही जगह कार्यकर्ता उनसे मिलने को बेकरार दिखे। कार्यकर्ता बैठक के बाद मुख्यमंत्री सेक्टर 13 में आरएसएस नेता सतनारायण मित्तल के भाई बुद्धकिशोर के पुत्र आशीष मित्तल के निधन पर शोक जताने पहुंचे।
... हां भई तैयार
ओवरब्रिज के शुभारंभ पर रिबन काटने से पहले जब सभी फोटोग्राफर फोटो खींचने के लिए तैयार हो रहे थे तो मुख्यमंत्री ने रिबन पकड़कर फोटोग्राफरों से पूछा कि हां भई तैयार। इसके बाद फोटोग्राफरों ने यस सर कहां और मुख्यमंत्री ने रिबन काटा।