भिवानी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की संयुक्त टीम ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन शहर में तीन जगह छापे मारे। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की ताबड़तोड़ कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। टीम ने मंगलवार को एक घर में तैयार किए जा रहे मसाले और दो जगहों से सरसों तेल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। मसाला बनाने की जगह पर टीम को सूखे पत्ते और इलायची के छिलके भी मिले।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने दिनोद गेट स्थित करण सिंह नामक व्यक्ति के घर पर मसाले की जांच की। इस दौरान टीम को घर के अंदर पिसाई कर मसाले तैयार कर उनकी पैकिंग किए जाने का सामान भी मिला। टीम को मौके पर सूखे पत्ते और इलायची के छिलके भी काफी संख्या में मिले, जिनके मसालों में मिलावट किए जाने की टीम को आशंका थी। इसी को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मसालों के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। टीम इसके बाद लोहारू रोड चारामंडी के पास नीलकंठ एग्रो कॉर्पोरेशन की फर्म में पहुंची जहां पर ड्रम में लाकर सरसों तेल की बोतलों में पैकिंग की जा रही थी। आधा लीटर के तेल की बोतल पर 70 रुपये एमआरपी भी दर्शाया हुआ था। मकान के अंदर भारी मात्रा में खाली बोतलें व ड्रम में काफी सरसों का तेल रखा था। टीम को सरसों तेल में मिलावटखोरी की आशंका हुई, इसी के चलते टीम ने मौके से सरसों तेल के चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इसके बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता महम रोड स्थित गोल्डन कच्ची घानी तेल की फर्म पर पहुंचा, जहां पर मशीन लगाकर सरसों से तेल निकाला जा रहा था। यहां पर सरसों तेल की पैकिंग की जा रही थी। टीम ने यहां पर छानबीन की और मौके से सरसों तेल के सैंपल भी जुटाए। टीम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह, सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंदजीत शामिल थे।
वर्जन:::
मिलावटखोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिस पर कार्रवाई की गई है। मौके से टीम ने मसाले व सरसों तेल के सैंपल जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। अगर सैंपल फेल आता है तो संबंधित फर्म मालिक पर संबंधित धाराओं के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- राजबीर सिंह, सब इंस्पेक्टर, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक।