दिनोद गेट पर ठप सीवर को दुरूस्त करने के लिए लगाए गए पंप सेट।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हालुवास गेट सरकुलर रोड के 23 फुट गहराई में मुख्य सीवर लाइन की करीब 100 फुट लाइन की रुकावट का पता लगाने के लिए शुक्रवार को दिल्ली की कंपनी के कर्मचारी 12 घंटे तक काम में जुटे रहे। कर्मचारियों ने सीवर मैनहोल की पूरी तरह से सफाई कराई। रात को काम बंद रखा गया। वहीं शनिवार सुबह फिर से लाइन की जांच कराई जाएगी।
अभी तक मुख्य सीवर लाइन की रुकावट का पता नहीं लगा है। हालांकि शहर भर के गंदे पानी को देवसर चुंगी के मुख्य डिस्पोजल तक पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था जरूर कराई है, ताकि आसपास की कॉलोनियों में गंदा पानी जमा न हो।
करीब दस दिन से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम हालुवास गेट व दिनोद गेट की मुख्य सीवर लाइन की रुकावट को ढूंढकर उसका स्थायी समाधान कराने में जुटी है। मगर अभी तक रुकावट ही सटीक जानकारी तक अधिकारियों को नहीं मिल पाई है। हालांकि चार-पांच दिन से दिल्ली से आए कंपनी के कर्मचारी भी सीवर लाइन पर काम कर रहे हैं। अब तक कंपनी के कर्मचारी हालुवास गेट के दो सीवर मैनहोल की सफाई ही करा पाए हैं। कैमरे से भी लाइन की जांच कराई गई। मगर अभी तक धुंधली तस्वीरों से रुकावट स्पष्ट नहीं हो पाई। जनस्वास्थ्य विभाग शहरी सीवरेज शाखा के कार्यकारी अभियंता सुनील कुमार रंगा ने बताया कि शनिवार को कंपनी के अधिकारी गहरी लाइन की जांच करेंगे। आगामी सप्ताह भर में समस्या का पूरी तरह से निदान हो जाएगा।