भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) के नए परिसर में नए शैक्षणिक सत्र से सभी विभागों की कक्षाएं संचालित होंगी। विश्वविद्यालय में करीब 74 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे तीसरे शैक्षणिक भवन के एक हिस्से में इसी सत्र से कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
यह जानकारी विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने नए परिसर में निर्माणाधीन तीसरे शैक्षणिक भवन का निरीक्षण करते हुए दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी भी संस्था की रीढ़ होते हैं और चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक, संस्कारी शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है।
दरअसल, प्रेमनगर स्थित विश्वविद्यालय के नए परिसर में दो वर्ष पहले दो नए शैक्षणिक भवन बनकर तैयार हो चुके हैं जिनमें नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। अब तीसरा शैक्षणिक भवन भी तैयार किया जा रहा है जिसमें नए सत्र से पुराने कैंपस में संचालित कक्षाओं को शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद विश्वविद्यालय के सभी विभागों की कक्षाएं नए परिसर में ही संचालित होंगी।
विश्वविद्यालय का तीसरा शैक्षणिक भवन अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें कुल 45 क्लास रूम बनाए गए हैं जिनमें 34 स्मार्ट क्लास रूम और चार डिजिटल क्लास रूम शामिल हैं। भवन में विद्यार्थियों के लिए दो लाइब्रेरी होंगी जिनमें एक पूर्णत: डिजिटल ई-लाइब्रेरी होगी।
पीएम उषा योजना के तहत भवन में 300 से अधिक कंप्यूटरों की तीन लैब बनाई जाएंगी जिनमें एक रिसर्च लैब भी शामिल होगी। इसके अलावा भवन में मल्टीमीडिया लैब, रीडिंग रूम, लगभग 300 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम, छह लोगों के ठहरने की सुविधा वाले तीन वीआईपी गेस्ट लाउंज और एक कैफेटेरिया भी बनाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि विद्यार्थियों को यहां पढ़ाई के अनुकूल आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय में 88 कोर्सेज किए जा रहे हैं संचालित
सीबीएलयू में कुल 88 कोर्स संचालित किए जा रहे हैं जिनमें 25 डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। इन डिप्लोमा कोर्सों की कक्षाएं सप्ताहांत में शनिवार और रविवार को लगेंगी। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के कौशल विकास और उद्यमशीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि विकसित भारत-2047 की संकल्पना को साकार करने में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। इन यूजी कोर्सों में कला स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार, बीकॉम डेटा एनालिटिक्स, बैचलर ऑफ फैशन डिजाइनिंग, चार वर्षीय बीए ऑनर्स विद रिसर्च, शारीरिक शिक्षा एवं खेल स्नातक (बीपीईएस), बीएससी योगा, बीए अंग्रेजी ऑनर्स विद रिसर्च, बीसीए (एआई और एमएल) उद्योग एकीकृत, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, बीसीए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड क्लाउड कंप्यूटिंग, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी, रसायन विज्ञान में चार वर्षीय बीएससी और यूजी डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं।
सीबीएलयू में तीसरा शैक्षणिक भवन तैयार हो चुका है। जिसमें नए सत्र से कक्षाएं शुरू होंगी। वहीं विश्वविद्यालय में दाखिले शुरू हो चुके हैं। सीबीएलयू में कुल 88 कोर्स संचालित किए जा रहे हैं जिनमें 25 डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। इसलिए समय रहते दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी आवेदन करें। -प्रो. दीप्ति धर्माणी, कुलगुरु, सीबीएलयू।