नागरिक अस्पताल में गेट के सौंदर्यीकरण के लिए आया सामान।
भिवानी। शहर के घंटाघर चौक स्थित नागरिक अस्पताल भवन का नवीनीकरण पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग द्वारा साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर अलॉट कर दिए गए हैं और शुरुआती दौर में मरम्मत कार्य भी शुरू हो गया है। फिलहाल अस्पताल में रंग-पेंट का काम जारी है। इसके बाद अस्पताल के दोनों मुख्य गेटों का सुंदरीकरण किया जाएगा और वाहन पार्किंग के लिए शेड का निर्माण होगा।
नवीनीकरण कार्य के तहत चिकित्सक ओपीडी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, वार्डों, लिफ्ट सिस्टम, सीलिंग छतों, शौचालयों सहित पूरे भवन की मरम्मत की जाएगी। इसके साथ ही सभी विभागों के नए बोर्ड लगाए जाएंगे। मंगलवार को नवीनीकरण संबंधित सामान अस्पताल परिसर में पहुंचना शुरू हो गया है। दरअसल, नागरिक अस्पताल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। सीलिंग छतें टूटकर गिर रही थीं, बारिश के समय पानी टपकता था, भवन की लिफ्ट लंबे समय से बंद थी और मरीजों के बैठने के लिए सीटें भी कम पड़ रही थीं। दीवारों से टाइलें उखड़ रही थीं और जगह-जगह सीमेंट झड़ने लगा था।
अस्पताल प्रशासन ने कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर नवीनीकरण की मांग की थी। अब कार्य शुरू होने से मरीजों और चिकित्सकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता लोकेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में फिलहाल मरम्मत कार्य जारी है। इसके बाद मुख्य गेटों का सुंदरीकरण और पूरे भवन का नवीनीकरण किया जाएगा।
नागरिक अस्पताल भवन का साढ़े चार करोड़ से नवीनीकरण किया जाएगा। टेंडर अलॉट कर दिए गए हैं। फिलहाल मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। इसके बाद पूरे अस्पताल में जहां भी जरूरत है जैसे अल्ट्रासाउंड कक्ष, चिकित्सक की ओपीडी, शौचालयों सहित पूरे भवन को ठीक करने का कार्य किया जाएगा। वहीं अस्पताल के दोनों मुख्य गेटों का सुंदरीकरण किया जाएगा। -लोकेश कुमार, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, भिवानी।