एसई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : Bhiwani
बीटीएम रोड स्थित निगम सर्कल कार्यालय में अनुबंधित विद्युत कर्मचारियों ने सर्कल कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर रोष जताया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर वीरवार दोपहर बाद निगम महाप्रबंधक से मुलाकात की। बैठक में मांगों पर बात नहीं बनने से नाराज अनुबंधित कर्मचारियों ने सर्कल कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद निगम अधिकारियों ने फिर से वार्ता के लिए बुलाया। जिस पर सभी मांगों पर सहमति बनी और सोमवार तक इन्हें पूरा करने का भी आश्वासन मिला।
अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ जिला पदाधिकारियों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम महाप्रबंधक से मुलाकात की। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राजकुमार पंघाल ने बताया कि अनुबंधित कर्मचारियों का कार्य जोखिम भरा है। जिनके साथ कोई भी हादसा होता है, उनके वेतन रिवाइज किए जाने, महिला कर्मचारियों को मेटरनिटी लीव दिलाए जाने, समय पर वेतन भुगतान करने, अनुबंधित कर्मचारियों को संबंधित विभागों की तरफ से आई कार्ड मुहैया कराए जाने, अनुबंधित कर्मचारियों को किसी कार्य से बाहर भेजे जाने पर टीए डीए की सुविधा देने, अनुबंधित कर्मचारियों की ईएसआई सुविधा खत्म कर दी गई है, इसकी जगह मेडिकल अलाउंस देने सहित 11 सूत्रीय मांगे बैठक में रखी गई थी। उन्होंने बताया कि बैठक में निगम महाप्रबंधक की अध्यक्षता में हुई बैठक में यूनियन सदस्यों के साथ वार्ता में सभी मांगों पर सहमति जताई गई है। इन मांगों को सोमवार तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। निगम अधिकारियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि जो मांग उनके स्तर की हैं, उन्हें लागू किया जाएगा और जो मांग उच्च अधिकारियों के स्तर की हैं, उन्हें उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। प्रदर्शन में अनुबंधित विद्युत कर्मचारी शामिल हुए।