भिवानी। नगर योजनाकार विभाग की ओर से जिला भिवानी नियंत्रित क्षेत्र के मौजा देवसर और बापोड़ा में अवैध निर्माण हटाने का अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जेसीबी मशीन से चहारदीवारी, कच्चे रोड, डीपीसी व डिमार्केशन, दुकान अवैध निर्माण को तोड़ा गया।
उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि अवैध निर्माण करना गैर कानूनी कार्य है और इसकी इजाजत किसी को नहीं है। विभाग की ओर से अवैध निर्माण की जानकारी जुटाई जा रही है। इसको हटाने का यह अभियान जारी रहेगा। इसी कड़ी में अवैध निर्माण हटाओ अभियान के तहत विभाग की ओर से मौजा देवसर व मौजा बापोड़ा में अवैध निर्माण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान देवसर में ढ़ाई एकड़ में 12 डीपीसी, कच्चे रोड, व छह चहारवारी और बापोड़ा में चार अवैध दुकानों को जेसीबी मशीन से तोड़ा। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें। अनुसूचित सड़कों की हरित पट्टी पर निर्माण कार्य न करने और अवैध कॉलोनी काटने वाले प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं।