भिवानी। लघु सचिवालय परिसर में सामाजिक अंकेक्षण के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान चंडीगढ़ से विभागीय उच्चाधिकारी सीमा शर्मा एवं क्रीड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार तेवतिया ने नागरिकों को प्रधानमंत्री आवासीय योजना शहरी के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।
उन्होंने जन सुनवाई के दौरान नागरिकों को बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में क्रियान्वित होने वाली सभी विकासात्मक योजनाओं का सोशल आडिट करना और पारदर्शिता व जवाबदेही को बढ़ाना है। इसके आधार पर योजना के कार्याणवन एवं गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सोशल आडिट प्रक्रिया में लगभग 56 नागरिक हिस्सा ले रहे थे। भिवानी शहर में 3,811 लोगों ने इस योजना के तहत आवेदन किया था। इसमें से 2,047 आवेदनकर्ताओं को पूर्ण रूप से योग्य पाया गया और 984 लाभार्थियों को योजना का पूर्ण लाभ प्रदान किया गया है ।
इस दौरान सोशल ऑडिट के सदस्यों ने भिवानी शहर के वार्ड नंबर 3, 5, 6, 7, 29 व 15 के लाभार्थियों से मुलाकात की और उनके मकानों का भौतिक निरीक्षण करके विस्तार से योजना पर चर्चा की। इस दौरान सोशल ऑडिट सदस्यों के समक्ष नागरिकों ने वार्ड की गलियों, गंदे पानी की निकासी एवं कूड़ा प्रबंधन आदि समस्याओं, कुछ वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को सुधारने, वंचित परिवारों को योजना का लाभ दिलवाने, लाल डोरे से बाहर रह गए अन्य लाभार्थियों का पुन: सर्वे कर योजना में शामिल करवाने की समस्याएं रखीं।
इस दौरान सोशल ऑडिट कमेटी के सदस्य सीमा शर्मा, दीपक कुमार, संदीप कुमार, राकेश कुमार सहित भिवानी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजा राम, पीएमएवाई सिविल इंजीनियर आनंद भागरत, पीएमएवाई योजना के एमआईएस लोकेश, निशा रखेजा मौजूद रहे।