भिवानी। नगर परिषद ने शहर की सड़कों की सफाई के लिए लगभग 40 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई स्वीपिंग मशीन को सफाई कार्य में लगा दिया है। वीरवार को नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने नारियल तोड़कर मशीन का उद्घाटन किया। स्वीपिंग मशीन से सर्कुलर रोड हांसी गेट से सफाई शुरू हुई और कुछ ही घंटों में रोड के किनारे जमी मिट्टी और कचरा साफ कर दिया गया। मशीन के साथ पानी का छिड़काव भी किया गया जिससे सफाई के दौरान धूल का गुब्बारा नहीं उठा।
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि अंदरूनी शहर की गलियों और सड़कों की सफाई के लिए फिलहाल नगर परिषद के कर्मचारी ही जिम्मेदार हैं। कर्मचारियों की संख्या कम होने और शहर का दायरा ज्यादा होने के कारण सफाई सही ढंग से नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि यदि सर्कुलर रोड की स्वीपिंग मशीन सफाई में सफल रहती है तो अंदरूनी शहर की सड़कों और गलियों के लिए छोटी स्वीपिंग मशीन खरीदी जाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
स्वीपिंग मशीन में कई बड़े ब्रश लगे हैं जो कचरे को एकत्रित करते हैं। मशीन के वैक्यूम सिस्टम से कचरा अंदर खींचा जाता है और एक टैंक में जमा होता है। टैंक भर जाने पर ट्रैक्टर ट्राली में कचरा डालकर मशीन सफाई कार्य जारी रखती है। ब्रशों को छोटा-बड़ा और टेढ़ा करके फुटपाथ जैसी जगहों की सफाई भी आसानी से की जा सकती है। संवाद