सीआईए टीम के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : Bhiwani
सीआईए की टीम ने हथियार के बल पर पेट्रोल पंप डकैती की साजिश रच रहे सात युुवकों को धर दबोचा। सीआईए ने आरोपियों के पास से पिस्तौल व अन्य हथियारों के साथ दो बाइक भी बरामद की है। वहीं सीआईए की टीम आरोपियों से गहन पूछताछ में जुटी है, जिसके बाद अन्य कई वारदात का खुलासा होने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
भिवानी सीआईए के सब इंस्पेक्टर कर्मबीर सिंह की टीम तोशाम बाईपास टी प्वाइंट राजपुरा खरकड़ी के समीप थी कि तभी गुप्त सूचना मिली कि खेतों में बने एक कमरे के अंदर कुछ युवक हथियार के बल पर पैट्रोल पंप पर डकैती की साजिश रच रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और बताई गई लोकेशन पर छापेमारी कर दी। इस दौरान पुलिस ने मौके से सात युवकों को पकड़ा। जिनमें तिगड़ाना निवासी सचिन उर्फ कवि, मोठ रांगड़ान निवासी पवन, मोठ केरनेल वासी सुनील, घुसकानी निवासी अजय, राजपुरा खरकड़ी निवासी अजय, मोठ रागडान निवासी नीरज, बिहरोड निवासी सुमित, तिगड़ाना वासी अंकुश के नाम शामिल हैं। सीआईए की छापामारी के दौरान पुलिस को मौका से एक मोटरसाइकिल, एक पल्सर बाइक, एक अवैध पिस्तौल व एक लोहे की रॉड सहित 315 बोर की देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, एक कुल्हाड़ी व एक बाइक की चेन व डंडा बरामद किया है।
सीआईए टीम इंचार्ज योगेश ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती की साजिश रचने और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत सदर पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सचिन के खिलाफ भिवानी में वाहन चोरी, चोरी, आर्म्स एक्ट व जान से मारने की धमकी देने के कई मामले सामने आए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उन्हें पुलिस रिमांड पर हासिल कर पूछताछ की जाएगी।