भिवानी। बारिश के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बढ़ गई है और शहरवासी पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। बुधवार को चिरंजीव कॉलोनी बूस्टर पर तैनात कर्मचारी धर्म सिंह जो हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कीमैन के तौर पर तैनात हैं, उनके साथ पेयजल आपूर्ति को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने उनका मारपीट की, जिससे घायल कर्मचारी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह इलाके के लोग बूस्टर पर पहुंचे और पेयजल आपूर्ति को लेकर बहस शुरू कर दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने धर्म सिंह के साथ हाथापाई की और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
उधर, शहर के बासिया भवन के सामने आंबेडकर चौक पर गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने लाइन की खोदाई कर कुछ हिस्सों की पानी की लाइन काट दी। इससे चौराहे के आसपास पानी जमा हो गया जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई और क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ सूरज प्रकाश जैन ने बताया कि बासिया भवन आंबेडकर चौक के पास गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतें मिली थीं। इस समस्या के समाधान के लिए कार्य शुरू किया गया है और जल्द ही लीकेज को ठीक कर दिया जाएगा।