तोशाम में मिठाई की दुकान से मावा का सैंपल लेते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम।
तोशाम। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ मिलकर वीरवार को कस्बा तोशाम में मिष्ठान भंडारों पर छापामारा। इस दौरान टीम ने मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की और जांच के दौरान एक मिष्ठान भंडार पर खराब बर्फी बेची जा रही थी। करीब 20 किलोग्राम बर्फी की खेप भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर ही नष्ट कराई। तोशाम में तीन मिष्ठान भंडारों से छह सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम में गुप्तचर इकाई भिवानी के इंस्पेक्टर सुनील कुमार, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के उपनिरीक्षक राजबीर सिंह, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार, मुख्य सिपाही मनमोहन सिंह व खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा शामिल थे। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने तोशाम में मिष्ठान भंडारों पर छापामारा। इस दौरान तेल का एक सैंपल, बीकानेर मिष्ठान भंडार से एक मावा व एक छीना का सैंपल व चंद्र मिष्ठान भंडार से दो मावा व एक बेसन व बर्फी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। इसी तरह करीब 20 किलोग्राम खराब बर्फी भी मौके पर ही टीम ने नष्ट कराई। इसके सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजे। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की इस कार्रवाई से कस्बा में मिष्ठान भंडार संचालकों में भी हड़कंप मच गया।
तोशाम में तीन मिष्ठान प्रतिष्ठानों से मिठाइयों व खाद्य सामग्री के छह सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मामलों में कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन के दौरान कोई भी मिलावटी व निम्न स्तर और एक्सपायरी डेट की मिठाइयों की बिक्री करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
-डॉ. पुनीत शर्मा, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी भिवानी।