झूठी शादी कराकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तोशाम पुलिस ने गिरोह की दो महिलाओं को पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरोह की महिलाएं जिन लोगों की शादी नहीं होती थी, उनकी झूठी शादी कराकर बाद में घर से कीमती गहने और नकदी समेटकर रफू-चक्कर हो जाती थी। पुलिस में शिकायत करने पर भी उन्हीं पर झूठा केस दर्ज कराने की धमकी भी दी जाती, इससे कुछ लोग तो अपना मुंह बंद कर घर बैठ जाते।
इसी तरह का मामला तोशाम क्षेत्र के एक गांव में सामने आया था। जिसमें युवक ने तोशाम पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि पंजाब की मंदीप उर्फ बिट्टो व दो अन्य लोगों ने मिलकर उसकी शादी मुक्तसर पंजाब क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला से कराने की बात कही थी। इस पर 24 जुलाई को वे लोग रिश्ता लेकर उनके घर भी आए थे। इसके बाद 27 जुलाई को बारात पंजाब के एक गांव में गई थी। जिसके बाद एक महिला को शादी कर 28 जुलाई को गांव लाया गया। 29 जुलाई को शादी की गांव में रिसेप्शन पार्टी भी हुई। इसके बाद शादी के दो बिचौलियों ने सोने की अंगूठी ली और वे चले गए। इसके बाद चार अगस्त को मंदीप उर्फ बिट्टो का फोन आया कि महिला को लेकर उसके मायके आ जाओ उसकी मां की तबीयत ज्यादा खराब है। इस पर वे वहां पहुंचे तो महिला ने शादी की एवज में एक लाख 43 हजार रुपये की नकदी मांगी। इस पर ये रकम भी उसे दे दी गई थी। इसके बावजूद उसने दुल्हन को उनके साथ भेजने से मना कर दिया। साथ ही दुल्हन को दिए सभी गहने भी वापस लौटाने से इंकार कर दिया। इसके अलावा मोबाइल फोन भी उसी के साथ था। इसके बाद वे वापस घर पहुंचे तो पता चला कि नवेली दुल्हन घर से 72 हजार रुपये की नकदी भी निकालकर ले गई है। इस पर आरोपियों से बातचीत करने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने को भी कहा। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत तोशाम पुलिस थाने में दी।
तोशाम पुलिस थाना के एएसआई आनंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में तहकीकात शुरू की तो पंजाब से मंदीप उर्फ बिट्टो व महेंद्र कौर नामक महिला को गिरफ्तार कर भिवानी लाया गया। इन महिलाओं के खिलाफ भटिंडा में भी झूठी शादी कराकर ठगने का मामला दर्ज किया हुआ है। फिलहाल इस मामले में आरोपी दुल्हन के साथ दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है, इन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एएसआई ने बताया कि महेंद्र कौर को पहले ही जेल भेजा चुका है। जबकि पूछताछ के बाद मंदीप कौर को भी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।