भिवानी। घर बैठे काम दिलाने और टास्क पूरे करने का झांसा देकर एक महिला से चार लाख पांच हजार रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उस के पास एक व्हाट्सएप मैसेज आया। जिस पर घर बैठे काम का झांसा दिया गया और इंस्टाग्राम पर वीडियो लाइक करने काम दिया गया। जिसके बदले कमीशन मिलना बताया गया और बताया कि पहले पैसे डालें तभी ग्रुप में काम कर सकती हो। ये पैसे रिफंड किए जाने की भी बात कही थी। इसके बाद महिला ने 65 हजार और 20 हजार रुपये डाल दिए। उसके बाद उन्होंने उसे टास्क दिए और बोले कि टास्क पूरे करो तभी पैसे रिफंड होंगे। इस पर महिला से दो लाख 50 हजार और फिर 50 हजार व 20 हजार रुपये डाले। इस तरह से महिला से चार लाख पांच हजार रुपये की ठगी की गई। वहीं पैसा वापसी के लिए टास्क पूरे करने और पैसे डालने की डिमांड की जा रही है। साइबर क्राइम पुलिस थाना में महिला की शिकायत पर इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।