ढिगावामंडी। गांव पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी माता मंदिर में कथित आभूषण चोरी प्रकरण की जांच के बीच मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का लाइव प्रसारण 23 अप्रैल से यानी करीब ढाई महीने से बंद है। इससे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) भिवानी की अध्यक्षता में हुई जांच बैठक के दौरान भी सीसीटीवी कैमरों का मुद्दा उठा था। एडीसी ने इस मामले को गंभीर मानते हुए स्थानीय प्रशासन से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंदिर परिसर में वर्षों से सुरक्षा के लिए दर्जनों सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जिनसे निगरानी की जाती रही है। लेकिन लाइव प्रसारण बंद होने से निगरानी व्यवस्था प्रभावित हुई है।
सीसीटीवी की तकनीकी निगरानी देख रहे आशीष जाट निवासी आर्य नगर ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों और मुख्य पुजारी के मोबाइल फोन पर लाइव एक्सेस पहले ही बंद कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि प्रतिमा पर लगा एक कैमरा पिछले लगभग 15 दिनों से नेटवर्क समस्या के कारण बंद है। इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
उधर आभूषण चोरी प्रकरण की जांच जारी है। मामले में गिरफ्तार पूर्व सुपरवाइजर आशीष कुमार को तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भिवानी भेज दिया गया। लोहारू थाने के जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव पहाड़ी निवासी नरेश कुमार की शिकायत पर गठित जांच कमेटी की सिफारिश के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चांदी के बर्तन, मंदिर से संबंधित सामान और करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आभूषणों के बिल, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, टैक्स रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए है।
चांदी के बर्तन और करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके
मामले में गिरफ्तार पूर्व सुपरवाइजर आशीष कुमार से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर चांदी के बर्तन, मंदिर से संबंधित सामान और करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया है। पुलिस मामले में दस्तावेजों, बिलों और टैक्स रिकॉर्ड की जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्तता की पड़ताल जारी है।