भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) ने स्नातक और स्नातकोत्तर कोर्सों के री-अपीयर विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मार्च कर दी है। अब विद्यार्थी 30 मार्च तक बिना लेट फीस आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 30 मार्च के बाद विद्यार्थी 2 अप्रैल तक पांच रुपये लेट फीस के साथ और 4 अप्रैल तक एक हजार रुपये लेट फीस के साथ आवेदन कर सकते हैं। सीबीएलयू के तहत यूजी चौथे सेमेस्टर (2023-26, 2022-25, 2021-24, 2020-2023 बैच), यूजी पांचवें सेमेस्टर (2023-26, 2022-25, 2021-24, 2020-23 बैच) तथा पीजी दूसरे सेमेस्टर (2024-26, 2023-25, 2022-24 बैच) के री-अपीयर विद्यार्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल बंद होने के सात दिन के भीतर विद्यार्थियों को फीस रसीद के साथ भरे गए आवेदन पत्र संबंधित विभाग में जमा करवाना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. पवन गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे बिना देरी किए 30 मार्च तक आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।