सीबीआई से मिलकर वापिस लौटते सीआईए के इंचार्ज रविंद्र कुमार व अन्य।
भिवानी। शिक्षिका मनीषा मौत मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई ने बुधवार को अपनी जांच शुरू कर दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के 13 दिन बाद सीबीआई की पांच से छह सदस्यीय टीम दिल्ली नंबर की दो गाड़ियों में भिवानी पहुंची। रेस्ट हाउस में रुकी टीम ने भिवानी सीआईए प्रथम के इंचार्ज से मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। हालांकि अब तक टीम ने जिला प्रशासन और मनीषा के परिजनों से मुलाकात नहीं की है। जांच के दौरान भिवानी के रेस्ट हाउस में ही सीबीआई के अधिकारी ठहराव करेंगे। सीबीआई भिवानी पुलिस से केस की पूरी फाइल लेकर घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करेगी और सीन रिक्रिएट कर जल्द से जल्द मनीषा की मौत की गुत्थी सुलझाने का प्रयास करेगी।
रविवार को मनीषा के पिता संजय से सीबीआई अधिकारियों ने फोन पर बातचीत कर भिवानी आने का आश्वासन दिया था। सोमवार और मंगलवार को परिजन व ग्रामीण टीम का इंतजार करते रहे लेकिन बुधवार दोपहर टीम भिवानी पहुंची। अब परिजनों को न्याय की उम्मीद बढ़ गई है।
11 अगस्त को ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय मनीषा सिंघानी के प्ले स्कूल के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। 12 अगस्त को लोहारू थाना पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज हुई। 13 अगस्त की सुबह सिंघानी नहर के पास लोहारू पुलिस को उसका शव बरामद हुआ था।
एक के बाद दूसरा और फिर तीसरा पोस्टमार्टम, गुत्थी उलझती गई
मनीषा के शव का पहला पोस्टमार्टम 13 अगस्त को भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से हुआ। 15 अगस्त को आई रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। शव क्षत-विक्षत हालत में था और गर्दन धड़ से अलग थी। शरीर के कई अंग भी गायब थे। परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताते हुए रोहतक पीजीआई में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। 15 अगस्त को पीजीआई में पोस्टमार्टम हुआ लेकिन 18 अगस्त को रिपोर्ट में हत्या को आत्महत्या बताया गया। इस पर परिजनों और जनता का गुस्सा भड़क उठा। ढिगावामंडी में धरना शुरू हुआ और बाद में ढाणी लक्ष्मण में पक्का मोर्चा डाल दिया गया। 19 अगस्त को परिजनों ने सीबीआई जांच और दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम की मांग उठाई। उसी रात डेढ़ बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स अकाउंट पर मामले की सीबीआई जांच का ऐलान किया। इसके बाद 20 अगस्त को धरना खत्म कर दिया गया। 21 अगस्त को गांव में मनीषा का अंतिम संस्कार हुआ।
वारदात स्थल पर पानी भरने से धुंधली हुई उम्मीद
मनीषा का शव जिस स्थान से 13 अगस्त को लोहारू पुलिस को मिला था वहां अब बारिश के कारण जलभराव हो गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी टीम पहले ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटा चुकी है और दो बार सीन रिक्रिएट भी किया जा चुका है। पानी भरने के कारण अब वहां से नए तथ्य मिलने की संभावना कम है।
पुलिस जांच के आधार पर आगे बढ़ेगी सीबीआई
अब तक भिवानी पुलिस ने जिन गवाहों के बयान दर्ज किए हैं और जो सबूत जुटाए हैं, उन्हीं के आधार पर सीबीआई जांच को आगे बढ़ाएगी। हालांकि टीम नए तथ्यों और लोगों को भी पूछताछ के दायरे में ला सकती है। दिल्ली एम्स की तीसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित होगी।