सिंघानी नहर के पास वह जगह जहां मनीषा का शव बरामद हुआ था। सीबीआई ने इस जगह की टेपिंग की हुई है।
भिवानी। सीबीआई ने ढाणी लक्ष्मण निवासी शिक्षिका मनीषा का नहर से बरामद मोबाइल फोन का डाटा दिल्ली में रिकवर कराया है। सीबीआई ने मनीषा के फोन से महत्वपूर्ण तथ्य हासिल कर नए सिरे से जांच को आगे बढ़ाएगी। शिक्षिका के तीसरे पोस्टमार्टम की विसरा रिपोर्ट और घटना स्थल से जुटाई गई केंद्रीय एफएसएल की रिपोर्ट में उजागर हुए नए तथ्य भी जांच में अहम साबित होंगें। सीबीआई टीम जल्द ही दिल्ली से भिवानी लौटकर अन्य लोगोंं से पूछताछ कर सकती है।
11 अगस्त को ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा लापता हो गई थी। 13 अगस्त को सिंघानी की सोरा डिस्टीब्यूटरी नहर के पास से उसका शव मिला। लोहारू पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव के पास से उसका हैंडबैग बरामद किया था, जिसमें मोबाइल का कवर और बैटरी थी, लेकिन फोन नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने नहर का पानी सिंचाई विभाग से बंद कराकर करीब 500 मीटर दायरे में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान मनीषा का बंद मोबाइल फोन बरामद हुआ था। शुरुआत में फोन का डॉटा रिकवर नहीं हो पाया था। सीबीआई को केस सौंपते हुए पुलिस ने जुटाए गए सभी तथ्य, गवाहों के बयान और मोबाइल फोन भी सौंपे थे। अब फोन का डॉटा रिकवर किए जाने की बातें सामने आई हैं।
मनीषा के पिता का दावा है कि फोन की कॉल डिटेल पहले ही निकाल ली गई थी, लेकिन डॉटा रिकवर नहीं हुआ था। अब सीबीआई ने फोन का डॉटा रिकवर कराया है। तीसरी पोस्टमार्टम और एफएसएल की रिपोर्ट के नए तथ्य प्रकाश में आने के बाद सीबीआई को मामले में सुलझाने में मदद मिल सकती है।