भिवानी। गांव अजीतपुर के एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोर नकदी और आभूषण पर हाथ साफ कर ले गए। चोरी की इस वारदात की शिकायत सदर पुलिस थाना में दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी नुकसान पहुंचा गए।
विज्ञापन
सदर पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव अजीतपुर निवासी प्रवीण यादव ने बताया कि उसका परिवार पिछले 15 दिनों से बड़े भाई विराट के पास बीकानेर गया हुआ था। शुक्रवार की रात करीब साढ़े 12 बजे से एक बजे के बीच चोरों ने बंद मकान के ताले तोड़ डाले और अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के अंदर से दो सोने की अंगूठी, 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
चोरों ने पूरे घर का सामान भी बिखेर डाला। वहीं सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी चोरों ने काफी नुकसान पहुंचाया। सदर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।