गांव कालौद में शराब के ठेके के समीप चार नवंबर की देर रात स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा पिकअप गाड़ी में बैठे दो युवकों के साथ मारपीट करने और वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में उपचार के दौरान युवक की मौत मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस के साथ मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके चलते उसे जिला नागरिक अस्पताल भिवानी में दाखिल कराया गया है।
सिवानी पुलिस थाना में चार नवंबर को शिकायतकर्ता विवेक निवासी कालौद की शिकायत पर छह नामजद युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज हुआ था। शिकायत में विवेक ने बताया था कि 4 नवम्बर की रात करीब 11. 30 बजे वह अपने साथी अनिल के साथ पिकअप गाड़ी में बैठा हुआ था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर राजेश उर्फ मोटू, विकास उर्फ मोटिया, सोनू, निर्मल, कुलदीप और राहुल धनखड़ मौके पर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार युवकों के हाथों में गंडासी, लोहे की नोजल, लाठी, बांस के डंडे और लकड़ी की फाटकी थी। विवेक का आरोप है कि आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। राजेश ने अनिल को गाड़ी से बाहर निकालकर उसके सिर पर गंडासी से वार किए, जबकि अन्य युवकों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान पिकअप गाड़ी पर भी गंडासी से वार कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया और शीशे तोड़ दिए गए। एक युवक को चार गंभीर चोटें, अस्पताल में उपचार जारी शिकायत के अनुसार आरोपियों ने दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को पहले हिसार के एक नीजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया था। जहां से उसे सपरा अस्पताल में रैफर किया गया था।
सिवानी थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत तहत एफआईआर दर्ज की थी। हिसार के सपरा अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को 30 वर्षीय अनिल ने दम तोड़ दिया। इसी मामले में कालौद निवासी विकास उर्फ मोटिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू किया है। हालांकि अभी पुलिस की तरफ से अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई हैं, मगर शुक्रवार देर रात को विकास के पैर में गोली लगने से घायल होने पर उसे जिला नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंची थी, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने बताया कि पुलिस इस मामले का जल्द पटाक्षेप कर देगी।