भिवानी। गांव कुड़लबास में कार-बाइक की टक्कर में बाइक सवार किसान घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए आपातकालीन विभाग में दाखिल करवाया गया है। वही गांव बामला के नजदीक हुए एक अन्य सड़क हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव कुड़लबास निवासी रणबीर ने बताया कि उसका चाचा 35 वर्षीय रामकिशन खेतीबाड़ी करता है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी बाइक पर खेत में फसल की कटाई करने के लिए जा रहा था। जब वह गांव के बस स्टैंड पर पहुंचा तो ढिगावा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसके पांव, सिर और आंख पर गंभीर चोट आई। आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। इस संबंध में मामले की सूचना पुलिस को दी।
वही, गांव बामला के नजदीक सड़क हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी नहीं हो सकी। मामला शनिवार सुबह करीब दस बजे का है। गांव कोसली निवासी देवेंद्र और उसकी पत्नी शशी गांव बामला में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए। जिन्हें उपचार के लिए आपातकालीन विभाग में लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। इस संबंध में मामले की सूचना खरक पुलिस चौकी को दी।