भिवानी-दादरी मार्ग पर गांव निमड़ीवाली के नजदीक कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं अभी यह पता नहीं लग पाया कि हादसा करने वाली कार कौन सी थी।
मामला रविवार रात करीब आठ बजे का है। चरखी दादरी शहर के वार्ड नंबर 11 निवासी 26 वर्षीय दीपक और साहिल रविवार को किसी काम से अपने रिश्तेदार से मिलने भिवानी आए थे। रात करीब आठ बजे वो दोनों बाइक पर वापस घर लौट रहे थे। जब वो भिवानी-दादरी मार्ग पर स्थित गांव निमड़ीवाली के नजदीक पहुंचे तो अचानक किसी गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर उन्हें उपचार के लिए इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल साहिल को उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जांच अधिकारी एचसी अश्वनी ने बताया कि सड़क हादसे में घायल साहिल के बयान पर गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया : हादसे में मृतक दीपक दादरी में ही मार्केटिंग बोर्ड में अनुबंध आधार पर सफाई कर्मचारी था। मृतक दीपक के पिता श्रीभगवान ने बताया कि दीपक चार भाई बहनों अरमान, रानी, आरती में सबसे बड़ा था। करीब साढ़े तीन साल पहले उसकी शादी पूजा के साथ हुई थी। जिसको तीन साल का बेटा वंश और दो महीने का बेटा शौर्य है। अचानक से हुए हादसे में दोनों बच्चों से उनका पिता छीन लिया। श्रीभगवान भी मार्केटिंग बोर्ड में सफाई कर्मचारी है। इसी हादसे में घायल साहिल भी प्राइवेट बैंक में अनुबंध आधार पर काम करता है। साहिल में कंधे और पांव में फ्रैक्चर आया है। जिसको उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।