भिवानी के लोहारू में मालिक को पर्स लौटाते कैप्टन रामकुमार व अन्य।
लोहारू। कहते हैं ईमानदारी अब भी जिंदा है। ऐसी ही ईमानदारी का उदाहरण पेश किया है फरटिया केहर गांव निवासी सेना के पूर्व जवान कैप्टन रामकुमार ने। दरअसल कैप्टन रामकुमार को शहर के पंजाब नेशनल बैंक के पास ही एक पर्स पड़ा मिला। इसमें हजारों रुपयों की नकदी और आवश्यक दस्तावेज थे। जिसे उन्होंने मशक्कत कर उसके मालिक को लौटा दिया। जिस पर पर्स के मालिक ने कैप्टन रामकुमार का बहुत आभार जताया।
जानकारी के अनुसार उपमंडल के गांव ढाणी लालपुर निवासी शीशराम बैंक में राशि निकलवाने के लिए पीएनबी आया था। लेकिन वह राशि नहीं निकलवा पाया। इस दौरान बैंक के पास ही पानी पीते समय उसका पर्स वहीं गिर गया। बाद में वहां से गुजर रहे फरटिया केहर निवासी कैप्टन रामकुमार उस पर्स पर नजर पड़ गई और उन्होंने वह पर्स उठा लिया। पर्स में करीब पांच हजार रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज थे।
उन्होंने इस पर्स को लेकर रणधीर पूनिया, हरपाल पूनिया, राहुल दलाल, प्रभुराम पूर्व डीआई के साथ चर्चा की और कइयों से फोन पर बातचीत के बाद पर्स का असल मालिक मौके पर पहुंच गया। कैप्टन रामकुमार ने बाद में वह पर्स उसके मालिक शीशराम को लौटा दिया। शीशराम ने कहा कि आप जैसे ईमानदार लोग दूसरों के लिए हमेशा प्रेरणीय रहेंगे।