नई अनाज मंडी में अटल किसान-मजदूर कैंटीन खुलेगी। जिसमें मंडी में आने वाले किसानों व काम करने वाले मजदूरों को मात्र 10 रुपये में खाना मिलेगा। इसके लिए न्यू ग्रेन मार्केट और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पीआर सेंटर के पास हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के सब डिवीजन आफिस और लैब की जगह पर कैंटीन निर्माण का कार्य चल रहा है। इस कैंटीन के निर्माण से यहां काम करने वाले करीब 150 से अधिक मजदूरों को फायदा मिलेगा, वहीं अपनी फसल बिक्री के लिए आने वाले किसानों को भी कैंटीन में भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक यहां इस तरह की कोई भी सुविधा नहीं थी।
एचआरएलएन ग्रुप, एचडीएफसी बैंक व हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड की ओर से संयुक्त रूप से इस परियोजना पर किसान व मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की योजना है। हालांकि इस योजना की करनाल में शुरूआत हो चुकी है, जहां सीएम ने खुद भोजन भी किया है। लेकिन भिवानी में अभी इस तरह की कैंटीन बनाने का काम चल रहा है। जिसके जल्द शुरू होने की संभावनाएं बनी हैं। कैंटीन निर्माण के बाद इसका यहां मंडी में काम करने वाले मजदूरों को फायदा मिलेगा वहीं किसान भी खाने के लिए अब इधर-उधर नहीं भटकेंगे। अधिकांश किसानों को अपनी फसल बिक्री के लिए मंडी में ही डेरा डालना पड़ता है। ऐसे में किसान खाने के लिए फसल को छोड़कर मंडी से बाहर जाता है। लेकिन इस सुविधा के बाद अब इस तरह की दिक्कतों का सामना किसानों को नहीं करना पड़ेगा।
300 प्लेट तक रोजाना कैंटीन संचालक को 25 रुपये प्रति डाइट होगा भुगतान
योजना के अनुसार दस रुपये में किसान व किसान मजदूरों को भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन में 300 प्लेट भोजन रोजाना तैयार होगा। इसमें प्रत्येक प्लेट पर 25 रुपये खर्च निर्धारित किया गया है। इसमें 10 रुपये का भुगतान एचडीएफसी बैंक करेगा, जबकि 15 रुपये का भुगतान हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किया जाएगा। जबकि किसान मजदूर को मात्र 10 रुपये में ही भोजन मिलेगा। खाने की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी, किसानों का भी होगा ऑनलाइन रिकार्ड : कैंटीन के अंदर सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे और यहां खाना खाने आने वाले किसानों व किसान मजदूरों का रिकार्ड भी ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। इसके लिए यहां पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। जो किसान यहां पर खाना खाने के लिए विजिट करेंगे। उनकी एंट्री ऑनलाइन दर्ज होगी। जिससे की यहां आने वाले किसानों के रिकार्ड भी दुरुस्त रखा जा सकेगा और किसानों के नाम पर किसी बाहरी व्यक्ति को यहां योजना का लाभ लेना भी मुनासिब नहीं हो पाएगा।
हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड सब डिवीजन कार्यालय और लैब की जगह पर कैंटीन निर्माण का काम 70 फीसदी तक पूरा हो चुका है। कैंटीन नए साल में शुरू हो जाएगी। यहां पर किसानों को चार फुल्के, एक दाल और मौसमी सब्जी के साथ चावल भी मिलेंगी, जिसमें एक प्लेट का रेट दस रुपये निर्धारित किया गया है।
- रमेशचंद्र, एसडीओ हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड भिवानी