भीम स्टेडियम पर बस न मिलने से पैदल जाते युवा।
भिवानी। भीम खेल परिसर में अग्निवीर सेना भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें चार जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। भीम स्टेडियम से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों के आने-जाने की सुविधा के लिए रोडवेज विभाग ने दो विशेष बसों की व्यवस्था की है। लेकिन युवाओं को बसों के चलने का समय व बस चलने का स्थान की कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
किसी प्रकार की समय सारणी या बस संबंधित कोई जानकारी बोर्ड भर्ती स्थल या रेलवे स्टेशन पर नहीं लगाया गया है। बसें युवाओं को लाभ पहुंचाने के लिए लगाई गई थीं। लेकिन युवाओं की नजरों से छिपी हुई बसों का उनको कोई लाभ नहीं मिल रहा। इसकी वजह से सुबह दस बजे के बाद अनफिट हो कर बाहर आने वाले युवाओं को आने-जाने में परेशानी होती है।
बुधवार को रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ के युवाओं की जनरल डयूटी की भर्ती हुई। इसके बाद युवा सड़कों पर पैदल ही जाते हुए दिखाई दिए। रेलवे स्टेशन पर सुबह 12 बजकर 30 मिनट पर जयपुर से आने वाली ट्रेन से युवा भिवानी पहुंचे। लेकिन रेलवे स्टेशन पर कोई बस नहीं मिलने के कारण युवाओं की टोली पैदल ही स्टेडियम के लिए चल पड़ी।
रेवाड़ी निवासी सचिन, राहुल व मंजीत ने बताया कि वो एक दिन पहले ट्रेन से भिवानी पहुंचे थे। लेकिन उन्हें कोई बस सुविधा नहीं मिली। इसकी वजह से ऑटो के जरिए वो स्टेडियम पहुंचे। बुधवार को सुबह एक बस दिखी थी लेकिन उसका समय और कहां से बस चलेगी इसकी कोई जानकारी नहीं होने के कारण हम पैदल या ऑटो के सहारे ही जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज विभाग ने रेलवे स्टेशन से भीम स्टेडियम तक दो विशेष बसों की व्यवस्था की है। इससे दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। ये बसें भर्ती रैली पूरी होने तक लगातार चलाई जा रही हैं। किसी युवा को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। बसें रेलवे स्टेशन और भीम स्टेडियम के पास से चल रही है।
- दीपक कुंडु,जीएम, हरियाणा रोडवेज भिवानी डिपो।