तोशाम/जूई। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि नहरों, रजवाहों और लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम का नवीनीकरण सरकार की प्राथमिकता है। सिंचाई तंत्र को आधुनिक बनाकर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंची श्रुति चौधरी ने उनके पुराने साथियों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। चौधरी सुरेंद्र सिंह का जीवन विकास, जनसेवा और दूरदर्शी सोच का प्रतीक रहा है। वह केवल चौधरी बंसीलाल के बेटे ही नहीं थे बल्कि प्रदेश की राजनीति और विकास की दिशा तय करने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
श्रुति चौधरी ने कहा कि चौधरी बंसीलाल प्रदेश में विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने से पहले सुरेंद्र सिंह के साथ विचार-विमर्श करते थे। दोनों के बीच विकास योजनाओं को लेकर गहरा तालमेल और दूरदर्शी सोच थी। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग की वर्षों पुरानी नहरों, रजवाहों और लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम सहित पूरे सिंचाई तंत्र का नवीनीकरण किया जा रहा है। पुरानी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और आधुनिक बनाने का काम जारी है ताकि किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
13 गोशालाओं को बांटे चेक
तोशाम क्षेत्र की 13 गोशालाओं को कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इनमें जितवानवास की शिव मुनि गोशाला, दिनोद की बाबा धुनीवाला गो सेवा ट्रस्ट, संडवा की खाटू श्याम गोशाला सेवा समिति, ढाणीमाहू की राधा कृष्ण गोशाला ट्रस्ट, पिंजोखरा की जय श्याम गोशाला और तोशाम की बाबा मुंगीपा गो सेवा ट्रस्ट शामिल हैं। इसके अलावा दुल्हेड़ी की शिव गोशाला धर्मार्थ समिति, बुशान की महंत नोमीनाथ खेती गो सेवा पर्यावरण शुद्धता समिति, लोहारू की मां दुर्गा भवानी गोशाला ट्रस्ट, बापोड़ा की बाबा गोशाला संस्था, सांगवान की जय बाबा रामदास गोशाला, लोहारू की यदुवंशी गोशाला सेवा समिति और बजीना की पंच पीर बाबा ठाड़े गो सेवा धाम को भी चेक वितरित किए गए।
600 से अधिक लोगों ने करवाई स्वास्थ्य जांच
पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह के जन्मदिवस पर गोलागढ़ में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें 600 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, एडवोकेट हरिसिंह सांगवान, पूर्व चेयरमैन शीशराम, एडवोकेट अमर सिंह हालुवास, रामप्रताप शर्मा और प्रदीप गोलागढ़ उपस्थित रहे।