लोहारू तहसील कार्यालय परिसर में परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों के सुधार के लिए आयोजित शिविर में
लोहारू। परिवार पहचान पत्रों की त्रुटियों को ठीक करवाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने तहसील कार्यालय परिसर में त्रुटि सुधार के लिए शिविर का आयोजन किया है। कृषि मंत्री जेपी दलाल के निर्देश पर आयोजित यह जागरूकता शिविर तीन मार्च तक लगाया जाएगा। बुधवार को 50 से अधिक परिवारों के लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक संदीप श्योराण ने बताया कि जिन पात्र परिवारों के परिवार पहचान पत्र में त्रुटि के कारण बीपीएल कार्ड नहीं बने हैं वे अपने नजदीकी सीएससी केंद्र में आपत्ति दर्ज करवाएं। परिवार पहचान पत्र में आय दुरुस्त होने के बाद सीआरआईडी की ओर से बीपीएल राशन कार्ड जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवार पहचान पत्र की किसी भी प्रकार की त्रुटि सीएससी केंद्र से ठीक करवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। इस मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की उप निरीक्षक राधारानी भी उपस्थित रही।