शहरी क्षेत्र में सोमवार व मंगलवार को बाजार बंद के प्रदेश सरकार के फैसले का व्यापारियों और दुकानदारों ने विरोध किया है। व्यापारियों ने बैठक कर सरकार के इस निर्णय की निंदा की और अतिरिक्त उपायुक्त को मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप इसे रद्द करने की मांग की। इतना ही नहीं व्यापारी और दुकानदार सोमवार को विरोध करने की भी योजना बना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते प्रदेश सरकार ने पिछले सप्ताह शनिवार और रविवार को सप्ताहांत लॉकडाउन का निर्णय लिया था। शुक्रवार को इसमें संशोधन करते हुए सोमवार, मंगलवार को शहरी क्षेत्र में बाजार बंद करने के आदेश दिए गए। बाजार बंद के निर्णय को लेकर शुक्रवार को बीटीएम चौक स्थित नगर व्यापार मंडल कार्यालय में व्यापारियों की बैठक हुई। व्यापारियों ने कहा कि लॉकडाउन में व्यापारी पहले से ही परेशान हैं, अब दो दिन दुकान बंद रहेगी तो व्यापार पूरी तरह ठप हो जाएगा। व्यापार मंडल के प्रधान भानुप्रकाश ने कहा कि बाजार बंद किए जाने का फैसला तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। इस संबंध में व्यापारियों ने एडीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को भी मांग पत्र भेजा। बैठक में गीगराज जैन, सुरेंद्र जिंदल, प्रेम धमीजा, अमित बंसल, राजकुमार यादव, प्रवीण नारंग, आशीष अंचल, अतुल रोहिल्ला, संजय सोनी, रवि शर्मा, दीपक जांगड़ा, विकी अरोड़ा उपस्थित थे।
अब सोमवार व मंगलवार को रहेगा बाजार बंद
प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार जिला प्रशासन ने जिला के शहरी क्षेत्र में सोमवार व मंगलवार को आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर बाजार बंद रखने की आदेश दिए हैं। सोमवार व मंगलवार को यातायात किसी भी प्रकार से बाधित नहीं होगा और लोगों का आवागमन जारी रहेगा। शनिवार व रविवार को दुकानें व शॉपिंग मॉल खोले जा सकेंगे। वहीं सोमवार और मंगलवार को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें जैसे राशन, दूध, सब्जी, मेडिकल शॉप, डेयरी प्रोडक्ट दुकानें, व्हीकल रिपेयर आदि दुकानें, पेट्रोल पंप, क्लीनिक व अस्पताल आदि खुले रहेंगे। ये आदेश आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे। आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन व संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश जारी किए गए हैं।