गांव जाटू लुहारी में स्थित बस क्यू शेल्टर।
भिवानी। भिवानी से हांसी मार्ग पर बसे गांव लोहारी जाटू के मंढाणा मोड़ पर बस क्यू शेल्टर विपरीत दिशा में बने होने के कारण यात्री परेशान हैं। लोहारी जाटू में मंढाणा मोड़ पर दो से तीन गांवों के यात्रियों के लिए ठहराव है।
इसमें लोहारू जाटू, मंढाणा व पुर गांव के यात्री रोजाना यहां से बस पकड़ कर सफर करते हैं। लेकिन यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए धूप, बारिश से बचाव के लिए किसी प्रकार का शेड परिवहन विभाग की तरफ से नहीं बनाया गया है। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से विपरित दिशा में शेड बनाया गया है लेकिन वो सही जगह पर नहीं बने होने के कारण लोग पेड़ों की छांव में व रोड के किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करते हैं।
इसकी वजह से मार्ग पर चलने वाले तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। रोजाना इस बस ठहराव से हजारों की संख्या में यात्री व कॉलेज छात्र-छात्राएं अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करते हैं। लंबे रूट की बसें तो बस क्यू शेल्टर नहीं होने की वजह से यहां रुकती नहीं है। यात्रियों के लिए किसी प्रकार के सार्वजनिक शौचालय की सुविधा भी यहां नहीं है। इसके कारण महिला यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रखरखाव के अभाव में बदहाल हुआ शेड
गांव को पंजाब नेशनल बैंक ने विकसित करने के लिए गोद ले रखा है। इसके अंतर्गत पीएनबी विकास योजना के तहत शेड तो बनाया गया है। लेकिन शेड विपरीत दिशा में होने के कारण व रखरखाव के अभाव में बदहाल स्थिति में है। इसके कारण लोग शेड के नीचे खड़ा होना पसंद नहीं करते। इसके साथ ही शेड के बाहर गंदा पानी जमा होने के कारण यात्रियों को उससे दूरी बनानी पड़ रही है।
मामला मेरे संज्ञान में है। शेड बना हुआ है, लेकिन जगह नहीं होने के कारण रोड के साइड में खाली जगह देखकर बनाया गया था। इसकी सफाई समय-समय पर करवाते रहते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए जल्दी ही वहां शौचालय बनाने का प्लान है। नागरिकों की सुविधा के लिए जो भी सहायता ग्राम पंचायत स्तर पर होगी। उसको जरूर पूरा करेंगे।
- मुकेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधी लोहारी जाटू।