भिवानी। जिले के गांव उमरावत में सड़क किनारे बने मैनहोलों की खस्ता हालत ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। कई स्थानों पर मैनहोल ढक्कन टूट चुके हैं जबकि कुछ जगह ढक्कन पूरी तरह गायब हैं जिसके कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा लगाए गए ढक्कन खराब गुणवत्ता और रखरखाव की कमी के चलते जर्जर हो गए हैं लेकिन सुधार की दिशा में कोई कदम अभी तक नहीं उठाया गया।
ग्रामीण संदीप कुमार, पुरूषोत्तम, सुभाष, मुकेश और बाला राम ने बताया कि खुले मैनहोल कई बार हादसों की वजह बन चुके हैं। बेसहारा पशु और राहगीर गिरकर घायल हुए, शिकायतें भी दर्ज कराई गईं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कई मैनहोलों में ढक्कन टूटकर सरिया बाहर निकला हुआ है जो राहगीरों के लिए गंभीर खतरा है। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय इन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण समस्या बढ़ती जा रही है और समय रहते मरम्मत न हुई तो किसी अनहोनी को रोक पाना मुश्किल होगा।
इस स्थिति पर आजाद सेना के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप शर्मा तथा उनकी टीम ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मैनहोल ढक्कनों की मरम्मत करवाए। टीम ने कहा कि वे इस समस्या को प्रशासन तक औपचारिक रूप से पहुंचाएंगे।
सर्कुलर रोड पर भी टूटा ढक्कन, स्कूल के बाहर बढ़ा खतरा
शहर के सर्कुलर रोड पर दिनोद गेट वैश्य मॉडल स्कूल के सामने भी मुख्य सीवर लाइन का ढक्कन भारी वाहनों का दबाव न सह पाने के कारण टूट गया। टूटे ढक्कन का मलबा गटर में जा चुका है और सिर्फ जाली का ढांचा टिका हुआ है। इससे स्कूली बच्चों एवं वाहनों के लिए रास्ता खतरनाक हो गया। स्कूल आने-जाने वाले वाहन चालकों को दिनभर सतर्क रहना पड़ा, वहीं बच्चों में भी हादसे का भय बना रहा।