भिवानी। चलती ट्रेन से गिरने के कारण अलवर निवासी युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए जिला सामान्य अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
मामला सोमवार रात आठ बजे का है। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला अलवर निवासी जवाहर लाल ने बताया कि वह मजदूरी करता है और वह दो बेटों व दो बेटियों का पिता है। उसका बेटा 21 वर्षीय डेविड धारूहेड़ा में प्राइवेट कंपनी में काम करता था और वह अविवाहित था। सोमवार रात को वह ट्रेन में रेवाड़ी से हिसार जा रहा था। वह ट्रेन की गैलरी में खड़ा था। जब वह मानेहरू के नजदीक पहुंचा तो अचानक ही वह ट्रेन से गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस से एसआई धर्मबीर सिंह अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे। जांच अधिकारी एसआई धर्मबीर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता जवाहरलाल के बयान पर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। मंगलवार दोपहर में पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।