फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन चैंपियनशिप में सोने पर लगा भिवानी का मुक्का

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। दुबई में चल रही एशियन चैंपियनशिप में पूजा बोहरा ने सोने पर पंच लगाया है। शहर की लाडली ने अपनी प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज को 5-0 से हराकर एक बार फिर साबित कर दिया कि भिवानी के मुक्के का दुनिया में कोई जवाब नहीं है। उनकी जीत पर परिवार और कोच ने जमकर खुशी मनाई है।
विज्ञापन

पूजा बोहरा ने लगातार दूसरी बार एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही वो यह उपलब्धि प्राप्त करने वाली जिले की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। मुकाबला शुरू होते ही कोच संजय श्योराण का परिवार टीवी के सामने बैठ गया था। पूरे मैच के दौरान कोई टीवी के सामने से हिला तक नहीं। जैसे ही पूजा ने मैच जीता तो खुशी की लहर दौड़ गई।
आदर्श कॉलेज से शुरू हुआ था बॉक्सिंग का सफर
पूजा बोहरा गुरु द्रोणाचार्य कैप्टन हवासिंह बॉक्सिंग अकादमी में अभ्यास करती हैं। फिलहाल वो 75 किलोग्राम भार वर्ग में एशियन चैंपियनशिप में भाग ले रही हैं। अकादमी में कोच संजय श्योराण उनको अभ्यास करवाते हैं। पूजा के पिता हरियाणा पुलिस से रिटायर्ड हैं। उनकी मां गृहिणी हैं और भाई शारीरिक शिक्षक हैं। उन्होंने बॉक्सिंग की शुरुआत आदर्श कॉलेज से की थी। वहां कोच संजय श्योराण की पत्नी लेक्चरर थीं। एक प्रतियोगिता के दौरान संजय ने पूजा को खेलते हुए देखा और उसका खेल पसंद आया। उसके बाद कोच संजय ने उनको अभ्यास कराना शुरू किया। फिर पूजा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। पूजा कोच संजय की पत्नी को भी मां मानती हैं।
विज्ञापन

कोच ने फोन कर बढ़ाया हौसला
चैंपियनशिप के फाइनल में मुकाबला शुरू होने से पहले पूजा ने कोच भीम अवॉर्डी संजय श्योराण से आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह से ही वो पूजा के साथ फोन पर बार-बार बात कर उसे तकनीक के बारे में बता रहे थे। मुकाबला शुरू होने से 20 मिनट पहले भी पूजा ने फोन कर उनसे आशीर्वाद लिया था।
ओलंपिक में भी लाएगी गोल्ड
कोच संजय ने कहा कि वापस आने के बाद पूजा की ट्रेनिंग और कड़ी की जाएगी। पूजा का अब ओलंपिक में चयन हो गया है। उसके लिए और ज्यादा तैयारी करनी होगी। हमें पूूरा विश्वास है कि एशियन चैंपियनशिप की तरह ही वह ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल जीतेगी।
कोट्स-
प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि पूजा की जीत पूरे देश और प्रदेश की जीत है। इस बहादुर बेटी ने जिले का नाम ऊंचा किया है। पूजा, उनके कोच, परिवार और पूरे जिले को इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं। पूजा ने हमें खुशी मनाने का एक मौका दिया है।
- जेपी दलाल, कृषि मंत्री, हरियाणा सरकार
हमें पूजा बोहरा पर नाज है। उन्होंने विश्व पटल पर भिवानी की प्रतिभा का लोहा मनवाया है। गौरव और खुशी प्रदान करने के लिए भिवानी की लाडली का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने पूरे देश का नाम रोशन किया है।
- घनश्यामदास सर्राफ, विधायक
पूजा बोहरा ने हमारा सिर गौरव से एक बार फिर ऊंचा किया है। उन्होंने वो कर दिखाया है जो आज तक पूरे प्रदेश की कोई महिला खिलाड़ी नहीं कर सकी। हमें उन पर नाज है। उम्मीद करते हैं कि भविष्य में वो देश और प्रदेश का और भी नाम रोशन करेंगी।
विज्ञापन

- योगेश चौधरी, प्रेसिडेंट, चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें