भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पद का पुनः कार्यभार संभालने के बाद डॉ. पवन कुमार ने दावा किया है कि 25 और 26 फरवरी से शुरू होने वाली दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों के घर के समीप ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर छात्राओं को दूसरे गांव या शहर में परीक्षा देने जाने में दिक्कतें आती हैं, इसलिए केंद्रों का गठन इसी दृष्टि से किया गया है।
प्रदेशभर में कुल 1421 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दसवीं की परीक्षा में 2,95,739 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें एक लाख 55 हजार 15 छात्र और एक लाख 40 हजार 724 छात्राएं हैं। वहीं बारहवीं की परीक्षा में 2, 70, 657 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इनमें एक लाख 41 हजार 565 छात्र और एक लाख 29 हजार 92 छात्राएं शामिल हैं। डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 60 हजार अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसी वर्ष जुलाई में एचटेट का आयोजन किया जाएगा और इसकी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी।